नहीं सुधर रहा पाकिस्तान, लगातार आठवें दिन फिर तोड़ा सीजफायर, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
Pakistan violates ceasefire: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद से नियंत्रण रेखा (LoC) पर तनाव बढ़ गया है। वहीं, भारत सरकार ने भी इस आतंकी हमले के बाद कई सख्त कदम उठाए है। इस बीच पाकिस्तान सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान बार-बार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर लगातर आठवें दिन सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान सेना ने 1 और 2 मई की रात को नियंत्रण रेखा के पार जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर क्षेत्रों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की।

पाकिस्तान सेना की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना के जवानों ने संयमित और उचित तरीके से जवाब दिया है। इससे पहले, पाकिस्तानी सेना ने 30 अप्रैल और 01 मई की रात को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर के सामने नियंत्रण रेखा के पास बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी।
पाकिस्तान की इस हरकत के बाद भारतीय सेना ने ताबड़तोड़ जवाब दिया था। पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। इससे पहले भारत ने जम्मू-कश्मीर में एलओसी पर बिना उकसावे के गोलीबारी के बाद संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी दी थी।
पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के जवाब में भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने के तुरंत बाद से ही 24 अप्रैल 2025 से पाकिस्तानी सैनिक नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं। पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के गोलीबारी के बाद भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (DGMOs) ने हॉटलाइन पर बात की थी।
बातचीत के दौरान, भारतीय सेना ने संघर्ष विराम उल्लंघन पर पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। भारतीय सेना की ओर से कहा गया है कि Loc पर फायरिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद भी पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications