आतंकवादी बनना चाहते थे विधायक कैसर जमशेद लोन, विधानसभा में सुनाई अपनी दास्तान, आप भी हो जाएंगे हैरान
Kaiser Jamshed Lone MLA: नेशनल कॉन्फ्रेंस के पहले बार विधायक बने कैसर जमशेद लोन ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। लोन ने बताया कि जब वह किशोर थे, तो एक सैन्य अधिकारी द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद उनका मन आतंकवादी बनने का था, लेकिन एक सीनियर अफसर के मार्गदर्शन ने उनका जीवन बदल दिया और उन्हें व्यवस्था पर विश्वास कायम करने की प्रेरणा दी।
यह घटना तब की है जब लोन 10वीं कक्षा में थे और उनके क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई चल रही थी। सदन में उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए लोन ने इस दौरान उस समय की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके इलाके से 32 युवकों को पूछताछ के लिए चुना गया था, जिसमें वह भी शामिल थे।

पिटाई के बाद आया मनोबल का मोड़
लोन ने बताया, "मुझे आर्मी अफसरों ने पूछा था कि क्या मैं उस युवक को जानता हूं जो आतंकवादी समूह में शामिल हो गया था। मैंने कहा, 'हां', क्योंकि वह मेरे इलाके का ही था। इसके बाद मुझे बेरहमी से पीटा गया। फिर उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या उस कार्रवाई के दौरान आतंकी मौजूद थे, मैंने 'नहीं' कहा, और फिर से मेरी पिटाई की गई।"
सीनियर अफसर की सीख ने बदल दी दिशा
लोन ने बताया कि तभी एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोन से पूछा कि वह अपनी जिंदगी में क्या बनना चाहते हैं। लोन ने कहा, "मैं आतंकवादी बनना चाहता हूं," और इसके बाद उन्होंने अपनी यातनाओं के बारे में भी बताया। इसके बाद सीनियर अधिकारी ने उन्हें समझाया और अपने जूनियर को कड़ी फटकार लगाई। लोन ने कहा कि उसी दिन उन्हें प्रशासन और व्यवस्था में विश्वास कायम हुआ।
आतंकी बनने के बजाय बने विधायक
लोन ने यह भी बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि जिन 32 युवकों से पूछताछ की गई थी, उनमें से 27 आतंकवादी संगठनों में शामिल हो गए थे। लेकिन लोन ने कहा कि यदि उस दिन सीनियर अफसर ने उनका मार्गदर्शन नहीं किया होता, तो शायद वह आज विधायक बनने की स्थिति में नहीं होते। इस बयान ने विधानसभा में सभी को हैरान कर दिया और यह कश्मीर के युवाओं के जीवन और उनके संघर्ष की एक गहरी झलक पेश करता है।
यह भी पढ़े पाकिस्तान के 7 शहर दुनिया में सबसे प्रदूषित, मुल्तान में AQI 2100 पार, स्कूल और पार्क बंद












Click it and Unblock the Notifications