जम्मू कश्मीर: पिछले 1 साल से लापता सेना के जवान का क्षत-विक्षत शव मिला कुलगाम में, आतंकियों ने किया था अगवा
श्रीनगर, सितंबर 22। जम्मू कश्मीर के कुलगाम में मोहम्मदपोरा इलाके से इंडियन आर्मी के एक जवान का क्षत-विक्षत हालत में शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि ये शव सेना के उसी जवान का है, जो पिछले 1 साल से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, सेना की 162 बटालियन के राइफलमैन शाकिर मंजूर वागे अगस्त 2020 में लापता हो गए थे। पिछले 13 महीने से उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन बुधवार को उनका शव बरामद हुआ। शाकिर मंजूर वागे के पिता मंजूर अहमद ने अपने बेटे के शव की शिनाख्त की है।

जवान की गाड़ी को भी आतंकियों ने लगा दी थी आग
आपको बता दें कि शोपियां जिले के रहने वाले मंजूर 2 अगस्त 2020 की शाम को लापता हो गए थे। कुछ दिन पहले उनका वाहन इलाके में लावारिस हालत में मिला था। उनके वाहन को आतंकियों ने जला दिया था। माना जा रहा है कि आतंकियों ने ही इस जवान की हत्या करके उनके शव के साथ छेड़छाड़ की है। सेना के अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बालापुर हेडक्वार्टर में तैनात थे मंजूर
आपको बता दें कि शाकिर मंजूर वागे 162 टेरिटोरियल आर्मी (TA) में दक्षिणी कश्मीर के बालापुर में 12 सेक्टर हेडक्वार्टर में तैनात थे। उनके लापता होने के बाद से ही सेना के अधिकारी उनके परिवार से ही उनके बेटे को लेकर जानकारी ले रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हेलिकॉप्टर क्रैश में शहीद पायलटों की शव पहुंचे उनके घर
आपको बता दें कि मंगलवार को जम्मू कश्मीर के ही टूरिस्ट स्पॉट पटनीटॉप से सटे देवदार के जंगलों में आर्मी एविएशन कोर का चीता हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पायलट और को-पायलट शहीद हो गए थे। शहीद हुए पायलटों की पहचान पंचकुला के मेजर अनुज राजपूत (28) और नोएडा के मेजर रोहित कुमार (35) के रूप में हुई थी। बुधवार को शहीदों के शव उनके घरों तक पहुंचे। शहीद हुए मेजर रोहित कुमार को उधमपुर के देविका पर राष्ट्रीय सम्मान के साथ नम आंखों के साथ श्रद्धांजलि दी गई।












Click it and Unblock the Notifications