'नेहरू और अभी के कश्मीर की तुलना', महबूबा मुफ्ती ने दो तस्वीरें शेयर कर खड़ा कर दिया विवाद
Mehbooba Mufti: पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने ट्विटर पर दो तस्वीरें साझा कर नेहरू के उस समय और वर्तमान कश्मीर की तुलना कर दी है। महबूबा मुफ्ती ने जो तस्वीर साझा की है वह विवाद खड़ा कर सकता है। उन्होंने बताने की कोशिश की है कि जब नेहरू प्रधानमंत्री थे तब का कश्मीर कैसा हुआ करता था जबकि अब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं तब का कश्मीर कैसा है।
महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti) ने दो तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू 1949 के आसपास श्रीनगर के लाल चौक पर उत्साही कश्मीरियों के समुद्र के बीच तिरंगे के साथ खड़े थे। लेकिन वर्तमान कश्मीर में एलजी प्रशासन 2023 में सुरक्षा कर्मियों की एक भीड़ से घिरा हुआ वही राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहा है।

बता दें कि आज यानी रविवार को एलजी मनोज सिन्हा ने शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर से श्रीनगर के बॉटनिकल गार्डन तक 'हर घर तिरंगा' रैली को हरी झंडी दिखाई। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने हाथ में भारतीय तिरंगे के साथ रैली का नेतृत्व किया, जबकि भाग लेने वाले अन्य लोगों ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। नीचे देखें महबूबा मुफ्ती द्वारा साझा की गई तस्वीरें।
मनोज सिन्हा ने परोक्ष रूप से महबूबा मुफ्ती पर साधा निशाना
वहीं एलजी मनोज सिन्हा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि वे, जो कहते थे कि जम्मू-कश्मीर में तिरंगा उठाने वाला कोई नहीं बचेगा, उन्हें समझ आ गया होगा कि जम्मू-कश्मीर का हर युवा राष्ट्रीय ध्वज को उतना ही प्यार करता है जितना देश के किसी अन्य हिस्से के लोग।
मनोज सिन्हा ने परोक्ष रूप से महबूबा मुफ्ती का जिक्र कर रहे थे, जिन्होंने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने से पहले टिप्पणी की थी कि अगर जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा रद्द कर दिया गया तो तिरंगा उठाने वाला कोई नहीं बचेगा। यहां तक कि स्कूली छात्रों ने भी 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा श्रीनगर में आयोजित 'हर घर तिरंगा' रैली में भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications