PDP उम्मीदवार महबूबा मुफ्ती ने अनंतनाग-राजौरी में EVM से छेड़छाड़ का लगाया आरोप, धरने पर बैठीं
Lok Sabha Election, Jammu-Kashmir: लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए आज 8 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग जारी है। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी आज मतदान किया जा रहा है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती यहां से चुनाव मैदान में हैं। वोटिंग में धांधली का आरोप लगाते हुए महबूबा धरने पर बैठ गईं हैं।
पीडीपी प्रमुख और अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार, महबूबा मुफ्ती ने शनिवार, 25 मई को आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को "बिना किसी कारण के" पुलिस स्टेशनों में बंद किया जा रहा है। साथ ही साथ उन्होंने यह भी दावा किया कि ''ईवीएम से छेड़छाड़'' के प्रयासों के संबंध में शिकायतें मिल रही हैं।

यह तब हुआ जब छठे चरण के मतदान में जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र पर मतदान शुरू हुआ। बता दें, छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
महबूबा मुफ्ती ने क्या कहा?
मुफ्ती ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के पोलिंग एजेंटों को पुलिस स्टेशनों में बंद किया जा रहा है। वो अनंतनाग-राजौरी सीट से उम्मीदवार हैं और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के मियां अल्ताफ अहमद के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, "पीडीपी कार्यकर्ताओं को बिना किसी कारण के पुलिस स्टेशनों में बंद किया जा रहा है। इसमें डीजी, एलजी, ऊपर से लेकर नीचे तक सभी अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने पीडीपी के पोलिंग एजेंटों को पुलिस स्टेशनों में बंद कर दिया है। आपने कहा था कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होंगे लेकिन आप यह सब कर रहे हैं... कई जगहों से शिकायतें मिल रही हैं कि मशीनों (ईवीएम) से छेड़छाड़ करने की कोशिश की जा रही है।" वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर भी बैठीं।
आउटगोइंग कॉल निलंबित: महबूबा मुफ्ती
महबूबा ने आगे दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर पर आउटगोइंग कॉल को बिना किसी स्पष्टीकरण के निलंबित कर दिया गया है।
महबूबा ने कहा, "मैं सुबह से कोई कॉल नहीं कर पा रही हूं। अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में मतदान के दिन अचानक सेवाओं को निलंबित करने का कोई स्पष्टीकरण नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications