ठंड शुरू होते ही कश्मीर के छात्रों को मिली राहत, प्रशासन ने बदला स्कूल का समय
जम्मू और कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में सर्दियां शुरू हो गई हैं, जिससे स्कूल जाने वाले छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके तहत प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया, जहां आज यानी 1 नवंबर से स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि छात्र और शिक्षक दोनों परेशानी से बच सकें।
स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर (डीएसईके) ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। डीएसईके ने अपने आदेश में कहा कि श्रीनगर जिले की नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा, जबकि श्रीनगर की नगरपालिका सीमा के बाहर और कश्मीर प्रांत के अन्य जिलों और क्षेत्रों से संबंधित स्कूलों के लिए नया समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक तय किया गया है।

कश्मीर में स्कूल शिक्षा निदेशक के आदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित संस्थानों को आदेशों और निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। इस संबंध में किसी भी लापरवाही को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा। वहीं, श्रीनगर में सरकारी और निजी स्कूलों के लिए कक्षा कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक शुरू होगा।
रुक-रुक कर हो रही बारिश और बर्फबारी
कश्मीर घाटी में इन दिनों सुबह-शाम ठंड और कोहरा छाया हुआ है। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट ने 24 सितंबर को अपनी ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की थी। तब से वहां रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होती रही है, जिससे हिमालय घाटी में मौसम प्रभावित हुआ है।
जम्मू संभाग का क्या हाल?
जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में दिन के वक्त तो तापमान सामान्य रहता है, जबकि रात के वक्त ठंड पड़नी शुरू हो गई है। संभाग के उच्च पर्वतीय इलाकों में भी ठंड ने दस्तक दे दी। जल्द ही वहां पर बर्फबारी का सिलसिला भी शुरू हो सकता है, जिसके तहत पहाड़ों पर रहने वाले लोग तैयारी कर रहे हैं, ताकि अगले 6 महीने ठंड के आराम से काटे जा सकें।












Click it and Unblock the Notifications