कश्मीर में 32 साल बाद लौटा सिल्वर स्क्रीन, आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा से होगी शुरुआत !
कश्मीर में सिनेमाघर बंद होने के 3 दशक बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा कश्मीर के पहले मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन किया। Kashmir first multiplex Lieutenant Governor Manoj Sinha
श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर), 20 सितंबर : जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (Lieutenant Governor) मनोज सिन्हा ने कश्मीर में तीन दशकों के बाद कश्मीर के पहले मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन किया। तीन दशकों के बाद कश्मीर में खुला ये पहला मल्टीप्लेक्स है। 1990 के दशक में शिवपोरा इलाके में सिनेमाघर बंद होने के बाद कश्मीर में कोई सिनेमाघर नहीं था। मंगलवार, 20 सितंबर को केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में अपनी तरह के पहले मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन हुआ। श्रीनगर जिले के 520 लोगों की क्षमता वाले मल्टीप्लेक्स आईनॉक्स का उद्घाटन उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। आईनॉक्स ने नवीनतम तकनीक से कश्मीर का मल्टीप्लेक्स डिजाइन किया है।
Recommended Video

LG मनोज सिन्हा ने कहा- युवा सरकार की प्राथमिकता
श्रीनगर में मल्टीप्लेक्स खुलने से कश्मीरियों को तीन दशक से अधिक समय के बाद बड़े पर्दे पर फिल्में देखने का मौका मिलेगा। जम्मू-कश्मीर के सिनेमा प्रेमी एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर फिल्मों का आनंद ले सकेंगे। मल्टीप्लेक्स के उद्घाटन के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "युवाओं को स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा, रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना और उन्हें सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है।"

लाल सिंह चड्ढा की विशेष स्क्रीनिंग
मल्टीप्लेक्स से होने वाले फायदों के बारे में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "इस प्रकार की पहल न केवल रोजगार पैदा करने में मदद करेगी बल्कि हमारे युवाओं को सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी।" परियोजना के अध्यक्ष और मालिक विजय धर ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल को धन्यवाद देते हुए कहा, "यह जुनून की परियोजना थी। मेरी खुशी की कोई सीमा नहीं है। हर काम 100 प्रतिशत हुआ है। उन्होंने बताया कि लाल सिंह चड्ढा की विशेष स्क्रीनिंग की जाएगी।

ड्रीम प्रोजेक्ट से कश्मीर में बदलाव की शुरुआत
श्रीनगर में खुला मल्टीप्लेक्स एक अक्टूबर से स्थानीय लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मल्टीप्लेक्स के डिजाइनर, अमित कात्याल ने बताया, "यह 3 साल पुराना प्रोजेक्ट था। मल्टीप्लेक्स विकास धर और मेरा एक साझा सपना था। कोविड-19 के कारण योजनाएं 2 साल के लिए रूक गईं। कात्याल के मुताबिक इस ड्रीम प्रोजेक्ट से युवाओं के साथ-साथ कश्मीर में बदलाव शुरू हुआ है।

आईनॉक्स के लोगो में कश्मीर की कला
बकौल कात्याल, "हमने कश्मीर की स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाले आईनॉक्स मानकों के साथ इस मल्टीप्लेक्स को तैयार किया है।" उन्होंने कहा, आईनॉक्स का लोगो कश्मीर की कला और संस्कृति को दर्शाते हुए तैयार किया गया है। इस साल जून में, परियोजना शुरू हुई। लॉबी इंटीरियर, बॉक्स ऑफिस और फूड कोर्ट आईनॉक्स मानकों के अनुसार डिजाइन किए गए हैं। इस मल्टीप्लेक्स के साथ कश्मीर में बदलाव होगा।

कश्मीरी हस्तशिल्प 'खतमबंद' और 'पपीयर माचे'
कलाकार इरशाद अहमद ने सिनेमा हॉल में कश्मीरी हस्तशिल्प 'खतमबंद' और 'पपीयर माचे' का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे सबसे अलग और खास बनाता है। उन्होंने कहा, वास्तुकला में विश्व प्रसिद्ध कश्मीरी 'पपीयर माचे' और खातबंद' हस्तशिल्प का उपयोग किया गया है। यह हमारा पुश्तैनी काम है। कारीगरों के काम को पूरा करने में ढाई महीने लगे। मेरा काम मल्टीप्लेक्स में दिखाया जा रहा है। इससे खुशी मिल रही है।

कश्मीर फिल्म निर्देशकों की फेवरेट लोकेशन
कश्मीर में मल्टीप्लेक्स खुलने पर स्थानीय लोगों ने भी खुशी जाहिर की। गौरतलब है कि फिल्म निर्माताओं के पसंदीदा स्थानों में जम्मू-कश्मीर विशेष रूप से लोकप्रिय रहा है। हालांकि, 1990 के दशक के दौरान इस क्षेत्र में उग्रवाद के कारण इस क्षेत्र में फिल्मों की शूटिंग लगभग खत्म हो गई।

32 साल से सिनेमाघर बंद
स्थानीय निवासी सैयद ताजमुल ने बताया, "32 साल से कश्मीर में सिनेमाघर बंद थे, अब वापसी हुई है। यह बहुत अच्छा इरादा है जिससे जिले के युवाओं को फायदा होगा। उन्होंने कहा, पहले सिनेमा देखने के लिए हमें जम्मू जाना पड़ता था, लेकिन अब हम इसे यहां देख सकते हैं।"
हालात सामान्य होने की भावना
एक अन्य स्थानीय निवासी रोहित ने भी श्रीनगर में मल्टीप्लेक्स खुलने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "मुझे बहुत खुशी हो रही है कि अब लोगों के पास मनोरंजन के कुछ साधन होंगे। इससे प्रगति दिखती है। आशा है कि श्रीनगर के लोग खेल की तरह फिल्मों में आने का भी आनंद लेंगे। हम हालात सामान्य होने की भावना महसूस करते हैं।"
सिनेप्रेमियों में विश्वास पैदा होगा
भारतीय फिल्म और टेलीविजन निदेशक संघ के अध्यक्ष अशोक पंडित ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखा। पत्र में कहा गया है, "हमें यह जानकर बेहद खुशी हुई कि आपने पुलवामा और शोपियां में मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल का उद्घाटन किया है। हम अनुकरणीय पहल के लिए अपनी हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि मल्टीप्लेक्स खुलने से सिनेमाघरों के मालिकों के साथ-साथ सिनेप्रेमियों में विश्वास पैदा होगा। इससे जीवन को सामान्य बनाने में मदद मिलेगी।"
मल्टीप्लेक्स के उद्घाटन की बधाई
इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर एसोसिएशन के अध्यक्ष, अभय कुमार सिन्हा ने भी उपराज्यपाल को पत्र लिखा। उन्होंने कहा, "हम इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर एसोसिएशन की ओर से कश्मीर में मल्टीप्लेक्स के उद्घाटन के लिए आपको हार्दिक बधाई देते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications