जम्मू कश्मीर: पुलवामा में टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़, आतंकियों की मदद के आरोप में छह गिरफ्तार
श्रीनगर, 18 मार्च: जम्मू कश्मीर पुलिस ने पुलवामा में आतंकी समूह लश्कर-ए-तैयबा के एक बड़े टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। कार्रवाई में पुलिस ने आतंकियों की मदद के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार भी किया है। शुक्रवार को जम्मू कश्मीर पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। बताया गया है कि जो लोग गिरफ्तार किए गए हैं वो लश्कर के आतंकियों को रहने खाने जैसी सुविधाएं मुहैया कराते थे।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा है कि उनकी एक टीम ने पुलवामा में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार करते हुए इस आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी लश्कर के आतंकियों तक रसद पहुंचाने, उनके ठहरने का इंतजाम करने के साथ-साथ युवाओं के बीत इनका प्रभाव बढ़ाने के लिए भी काम करते थे।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान काकापोरा निवासी रऊफ अहमद लोन, पंपोर निवासी आकिब भट, लरवे काकपोरा निवासी जावेद अहमद डार, परिगाम निवासी अर्शीद अहमद मीर, परिगाम निवासी रमीज राजा और लारवे काकापोरा निवासी मोहिउद्दीन डार के तौर पर हुई है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज ली गई है और पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। कल इनको कोर्ट में पेश किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications