JK Polls: उमर अब्दुल्ला का चुनाव में 'साजिश' का आरोप, हार का किया जिक्र, कहा- दिल्ली के नेता नफरत करते हैं
Jammu Kashmir Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में सियासी वार और पलटवार तेज हो गए हैं। एक दशक बाद होने वाले राज्य के चुनावों को लेकर सियासी दल जोरों-शोरों से चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इस बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता और दो सीटों पर चुनाव लड़ने वाले उमर अब्दुल्ला ने चुनाव में 'साजिश' का आरोप लगाया है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि 'दिल्ली के नेता' उनसे नफरत करते हैं और आरोप लगाया कि चुनाव में उनके खिलाफ साजिश की गई है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जेल में बंद उम्मीदवार ही उनके खिलाफ क्यों चुनाव लड़ रहे हैं?

लोकसभा में हार को बताया साजिश
उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि "दिल्ली के नेता" उनसे नफरत करते हैं और आरोप लगाया कि चुनाव में उनके खिलाफ साजिश की गई है। उन्होंने जेल में बंद उम्मीदवार इंजीनियर राशिद से लोकसभा चुनाव हारने का जिक्र किया, साथ ही जेल में बंद एक अन्य उम्मीदवार सरजान अहमद वागे उर्फ बरकती के विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ गांदरबल से चुनाव लड़ने की खबरों का भी जिक्र किया।
'अब मुझे एहसास हुआ है कि...'
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में एक रैली में राशिद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "यह एक अजीब चुनाव है। मुझे पता था कि दिल्ली में बैठे नेता मुझे कभी पसंद नहीं करते। लेकिन अब मुझे एहसास हुआ है कि वे मुझसे नफरत करते हैं। जब मैंने बारामूला लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, तो जेल में बंद एक उम्मीदवार ने मेरे खिलाफ नामांकन दाखिल किया था। उसने एक ऑडियो क्लिप रिकॉर्ड की और उसे प्रसारित किया।"
जेल से नामांकन का उठाया मुद्दा
उन्होंने कहा, "शायद यह मेरी बदकिस्मती थी कि उसने मुझे हरा दिया। मुझे इसमें कोई साजिश नहीं दिखी। हालांकि, पिछले दो-तीन दिनों से मुझे यह साजिश लग रही है। मुझे समझ में नहीं आता कि सलाखों के पीछे बैठे लोग मेरे खिलाफ ही नामांकन कैसे दाखिल कर देते हैं।"
दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे अब्दुल्ला
बता दें कि अब्दुल्ला ने बारामूला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और राशिद इंजीनियर से हार गए थे, जो टेरर फंडिंग के मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। मालूम हो कि उमर अब्दुल्ला विधानसभा चुनाव में दो जगह गांदरबल और बडगाम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों पर 3 चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 18 सिंतबर, दूसरे चरण 25 सितंबर और तीसरा चरण 1 अक्तूबर को होगा। इसके बाद वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications