Jammu Kashmir News: राजौरी में सेना की गाड़ी पर आतंकियों ने किया हमला, सेना हाई अलर्ट पर
Jammu Kashmir News: जम्मू कश्मीर के राजौरी में सेना के वाहन पर आतंकी हमला हुआ है। यहां सुंदरबनी सेक्टर में आतंकियों ने सेना के वाहन पर गोलीबारी की। इस हमले के बाद सेना हाई अलर्ट पर है और स्थिति को संभालने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजौरी में सेना के वाहन पर आतंकियों ने बुधवार 26 फरवरी को करीब 1 बजकर 30 मिनट पर फायरिंग की। फायरिंग की यह घटना सुंदरबनी से लगभग 6 किलोमीटर दूर गंदेह मंदिर के साथ वाले जंगल क्षेत्र में हुई है। इस हमले में भारतीय सेना के किसी भी जवान के हताहत या घायल होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, भारतीय सेना और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन घटना के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं की गई है। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। ऐसा बताया जा रहा है कि यह हमला उस वक्त हुआ, जब 9 जेएके वाहन इलाके में गश्त कर रहा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गश्ती वाहन पर करीब दो राउंड फायरिंग की गई, जो 9 जेएके राइफलों से लैस था। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजा गया है। सेना को हाई अलर्ट पर रखते हुए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
हालांकि, इस मामले में रक्षा प्रवक्ता ने भी पुष्टि इस घटना की पुष्टि की है। कहा कि सुंदरबनी में गोलीबारी की घटना हुई है, लेकिन उनके पास इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications