JK Grenade Attack: फोरेंसिक टीम पहुंची श्रीनगर के संडे मार्केट, ग्रेनेड हमले की करेगी जांच
Jammu Kashmir Grenade Attack: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकी सिर उठाने लग गए हैं। घाटी में लगातार मुंह की खाने के बाद दशहतगर्द अब बेकसूर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। बीते कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए सेना और पुलिस मिलकर ऑपरेशन चला रही है। इससे बौखलाए आतंकियों ने श्रीनगर में रविवार को ग्रेनेड हमला कर दिया।
रविवार को श्रीनगर में टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर (TRC) के पास ग्रेनेड हमले में कम से कम 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। धमाका भीड़भाड़ वाला संडे मार्केट में हुआ, जहां काफी लोग मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, इस धमाके की चपेट में बाजार की भीड़ आ गई, जिसमें करीब 12 लोगों के घायल होने की खबर है।

वहीं, अब फोरेंसिक टीम उस स्थान पर पहुंची जहां आज टीआरसी, संडे मार्केट में ग्रेनेड हमला हुआ था। यहां फोरेंसिक टीम जांच करेंगी और साक्ष्यों को कब्जे में लेकर लैब भेजेगी। बता दें, इस हमले में घायल हुए लोगों को एसएचएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, मौके पर सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है। साथ ही आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। बता दें, आतंकियों के इस हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हमले से संबंधित और जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इस हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने एक्स पर लिखा, 'श्रीनगर के 'रविवार बाजार' में निर्दोष दुकानदारों पर ग्रेनेड हमले की आज की खबर बेहद परेशान करने वाली है। निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का कोई औचित्य नहीं हो सकता। सुरक्षा तंत्र को जल्द से जल्द हमलों की इस लहर को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए ताकि लोग बिना किसी डर के अपना जीवन जी सकें।"












Click it and Unblock the Notifications