Jammu Kashmir के कठुआ में बड़ी साजिश नाकाम, दबोचे गए 3 संदिग्ध युवक, मोबाइल में पाकिस्तान- फिलीपींस के नंबर
Jammu Kashmir Kathua suspect Arrest: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी संदिग्ध गतिविधि का भंडाफोड़ किया है। राजबाग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत डोरसी गांव से सेना ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जिनके पास से अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन वाले मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
इनमें से एक युवक के फोन में पाकिस्तान, सऊदी अरब और फिलीपींस के मोबाइल नंबर मिले हैं, जिनसे लगातार बातचीत के सबूत भी सामने आए हैं। इस गिरफ्तारी ने सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की खबरें मिल रही थीं। पुलिस और साइबर सेल अब इन नंबरों की गहराई से जांच कर रही है।

संदिग्ध युवकों का 'इंटरनेशनल' कॉल रिकॉर्ड
हिरासत में लिए गए युवकों में से मोहम्मद आरिफ के फोन ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। जांच में पता चला कि आरिफ के मोबाइल में न केवल तीन पाकिस्तानी नंबर सेव थे, बल्कि सऊदी अरब और फिलीपींस के भी नंबर मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरिफ की पाकिस्तान के नंबरों पर कई बार लंबी बातचीत हुई थी। पूछताछ में उसने कबूल किया कि सीमा पार से उसे फोन आते थे और उसे पैसों का लालच देकर बरगलाने की कोशिश की जाती थी।
ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir: जैश-ए-मोहम्मद और AGuH का आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त, मस्जिद इमाम समेत 7 अरेस्ट, कौन कहां का-क्या रोल?
कठुआ के जंगलों में आतंकियों की तलाश तेज
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब कठुआ के बिलावर और राजबाग के जंगलों में आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है। कुछ दिन पहले ही इसी इलाके में दो संदिग्धों को खाना और पानी लेते हुए देखा गया था। सुरक्षाबलों को अंदेशा है कि पकड़े गए युवक आतंकियों के 'ओवरग्राउंड वर्कर' (OGW) के रूप में काम कर रहे थे। पिछले साल इसी क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद के दो खूंखार आतंकी मुठभेड़ में मारे गए थे।
ये भी पढ़ें: Jammu Weather: जम्मू-कश्मीर में कोल्ड वेव का कहर, इस इलाके में माइनस 17°C पर पहुंचा तापमान
बिलावर के जंगलों में मिला आतंकियों का गुप्त ठिकाना
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने बिलावर के घने जंगलों में आतंकियों का एक गुप्त ठिकाना ध्वस्त किया है। हालांकि मौके से कोई हथियार या बारूद नहीं मिला, लेकिन गैस सिलेंडर, बर्तन, कपड़े और दैनिक उपयोग का सामान बरामद हुआ है। इससे साफ होता है कि आतंकी इन जंगलों में शरण ले रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि आतंकी इतने शातिर हैं कि वे सुरक्षा बलों के पहुंचने से ठीक पहले ठिकाना बदलकर भागने में सफल हो जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications