जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा में हिजबुल मुजाहिदीन के पांच आतंकवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद
जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के साझा अभियान के दौरान कुपवाड़ा में हिजबुल मुजाहिदीन के पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बार फिर पाकिस्तान के नापाक इरादों को नाकाम किया है। गुरुवार को सेना के साथ मिलकर पुलिस ने एक सर्च ऑपरेशन के दौरान 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने इनके पास से 1 एके राइफल, 2 एक मैगजीन, 119 एके गोला-बारूद, 1 पिस्टल, पिस्टल मैग, 4 पिस्टल राउंड, 6 हैंड ग्रेनेड, 1 आईईडी, 2 डेटोनेटर सहित हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया है।
इस संबंध में जानकारी कुपवाड़ा के SSP युगल कुमार मन्हास ने दी। उन्होंने कहा कि हमें खुफिया तंत्र से जानकारी मिली थी कि क्रॉलपोरा क्षेत्रों में हिज्ब उल-मुहाहिदीन का एक मॉड्यूल सक्रिय है। यह मॉड्यूल आतंकियों को भारी मात्रा में गोला बारूद मुहैया करा रहा था। फिलहाल गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस सूत्रों से यह भी दावा किया गया है कि पूछताछ में कई राज बाहर आ सकते हैं।
SSP युगल कुमार मन्हास ने यह भी बताया कि इन आतंकियों को पाकिस्तान की तरफ से निर्देश मिलता था। वहां से निर्देश देने का काम फारूक अहमद पीर उर्फ नदीम उस्मानी करते थे। इन दोनों ने गिरफ्तार आतंकियों को जून में 6 लाख रुपए की राशि भी भेजी थी। इस मामले में आतंकियों से पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी के मुताबिक आतंकियों को यह भी निर्देश दिया गया था कि वे भेजे गए पैसे से जम्मू-कश्मीर में नए ठिकाने बनाएं और संगठन से युवाओं को भी जोड़ें। साथ ही कट्टरपंथी की ट्रेनिंग भी दें। आपको बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब घाटी से आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी कई आतंकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बीते दिनों कठुआ बॉर्डर पर एक पाकिस्तानी पतंग को भी बरामद किया गया था। इस पतंग में आई लव यू पाकिस्तान लिखा गया था। वहीं, पतंग में भारत के खिलाफ नारे भी लिखे गए थे। वहीं, इससे पहले भी पुलिस ने बॉर्डर पर एक सिलेंडर और विस्फोटक बरामद किया था।
ये भी पढ़ें- कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में एलओसी के नजदीक 2 आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी












Click it and Unblock the Notifications