Jammu Kashmir Chunav Result: हारकर भी बाजी मार गई बीजेपी! इन राष्ट्रीय दलों को मिले NOTA से भी कम वोट
Jammu Kashmir Result in Hindi: चुनाव आयोग ने जम्मू और कश्मीर की सभी 90 विधानसभा सीटों के नतीजे दे दिए हैं। इसमें कई बड़ी-बड़ी पार्टियां भी नोटा को मिले वोटों से पिछड़ गईं। यह नतीजे यह भी दिखा रहे हैं कि कैसे जम्मू और कश्मीर के मतदाताओं का मतदान का ट्रेंड बिल्कुल अलग रहा। सीटों के लिहाज से नेशनल कांफ्रेंस की अगुवाई वाला गठबंधन काफी आगे रहा है, वहीं भाजपा उससे काफी पिछड़ गई। लेकिन, वोट शेयर कुछ अलग ही कहानी बयां कर रहा है।
वोट शेयर के मामले में बीजेपी सबपर भारी
जम्मू और कश्मीर में अंतिम नतीजों के हिसाब से बीजेपी सीटों के मामले में भले ही मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और सीपीएम गठबंधन से काफी पीछे है, लेकिन वोट शेयर के मामले में वह सब पर भारी पड़ी है। लेकिन, कई राष्ट्रीय दलों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं, जो कि काफी दिलचस्प पहलू पेश कर रहे हैं।

वोटों के मामले में बीजेपी से पिछड़ी नेशनल कांफ्रेंस
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जहां बीजेपी को लगभग 26% वोट मिले हैं। वहीं सबसे ज्यादा सीटों पर जीतने वाली फारूक अब्दुल्ला की नेशनल कांफ्रेंस को करीब 23% वोट प्राप्त हुए हैं।
वोट शेयर के मामले में कांग्रेस तीसरे स्थान पर,पीडीपी काफी पीछे
इसका मतलब ये है कि जम्मू में भाजपा का गढ़ कायम है, लेकिन कश्मीर में वह सिक्का जमाने में एक बार फिर नाकाम रही है। तीसरे नंबर पर कांग्रेस पार्टी है, जिसके खाते में 12% से कम वोट आए हैं, उसके बाद महबूबा मुफ्ती की पीडीपी है, जो करीब 9% वोट जुटा पाई है।
आप, बीएसपी, सीपीएम को नोटा से भी कम वोट
यहां नोटा (NOTA) को करीब 1.5% वोट मिल रहे हैं। लेकिन, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, सीपीएम जैसी पार्टियां उससे काफी पीछे हैं।
जम्मू और कश्मीर में आम आदमी पार्टी को आधा फीसदी यानी 0.52% वोट मिले हैं, वहीं मायावती की बीएसपी भी .96% से ज्यादा वोट नहीं जुटा पाई है।
इसी तरह केरल में सरकार चलाने वाली सीपीएम का वहां नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के साथ गठबंधन है और वह एक ही सीट पर चुनाव लड़ रही थी। उसे मात्र 0.59% वोट मिले हैं।
नोटा से कम वोट पाने वाली क्षेत्रीय पार्टियों में नीतीश कुमार की जेडीयू को 0.13%, एनसीपी को 0.03%, उद्धव ठाकरे की शिवसेना को 0.05% और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को मात्र 0.14% वोट आए हैं।
जम्मू और कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों के लिए 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में मतदान हुए थे और मतगणना मंगलवार यानी 8 अक्टूबर, 2024 को हुई है।












Click it and Unblock the Notifications