J&K Polls: विधानसभा चुनावों के बाद जम्मू कश्मीर में अब किन चुनावों की है तैयारी?
Jammu Kashmir Chunav: जम्मू कश्मीर विधानसभा के चुनाव नतीजे 8 अक्टूबर को आ जाएंगे। इस बार केंद्र शासित प्रदेश में लोकसभा के बाद विधानसभा के भी चुनाव बहुत ही सफल और शांतिपूर्ण तरीके से सुनिश्चित करवाए जा चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में मौजूदा माहौल के बीच ही इसी साल के अंत में पंचायत और शहरी निकायों के भी चुनाव करवाने की तैयारियों की भी रिपोर्ट सामने आ रही है।
डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार जम्मू-कश्मीर में साल 2024 के अंत तक पंचायतों (Panchayat) और शहरी स्थानीय निकायों (Urban Local Body) के चुनाव करवाने की भी तैयारी चल रही है।

सुरक्षा बल के जम्मू कश्मीर में रहते ही पंचायत और निकाय चुनाव-रिपोर्ट
बता दें कि जम्मू कश्मीर में स्थानीय निकायों के चुनाव पिछले साल नवंबर में ही करवाए जाने थे, लेकिन इसे टाल दिया गया था। सूत्रों ने बताया है, 'जम्मू और कश्मीर में पंचायत और शहरी स्थानीय निकायों के लिए चुनाव करवाने की तैयारियां चल रही हैं और जमीनी स्तर के चुनाव पूरे होने तक विधानसभा चुनावों के लिए तैनात किए गए सुरक्षा बल जम्मू और कश्मीर में ही बने रहेंगे।'
उन्होंने बताया, 'पंचायत चुनावों में करीब 40,000 सीट और एक लाख से ज्यादा उम्मीदवार होंगे। अधिकारियों को उम्मीदवारों को सुरक्षा उपलब्ध करवाना एक चुनौती होगी, खासकर के कश्मीर घाटी में।'
जमीनी स्तर के लोकतंत्र के लिए अहम है चुनाव
पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय के चुनावों को जमीनी स्तर के लोकतंत्र की ताकत के तौर पर देखा जाता है। एक बार ये चुनाव संपन्न हो जाने के बाद जम्मू और कश्मीर में आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद सभी स्तर की लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल हो जाएगी।
परिसीमन के बाद करवाए जाने हैं चुनाव
पंचायत चुनाव करवाने की जिम्मेदारी जम्मू और कश्मीर निर्वाचन आयोग की होगी। अधिकारियों ने कहा, 'हल्कों (राजस्व गांव) के ताजा परिसीमन के बाद 2024 में पंचायत चुनाव करवाए जाएंगे।'
नवंबर-दिसंबर 2018 में हुआ था पिछला पंचायत चुनाव
पिछली बार जम्मू और कश्मीर में पंचायत चुनाव नवंबर-दिसंबर 2018 में हुए थे। 9 चरणों वाला यह चुनाव उस साल जून में महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली बीजेपी-पीडीपी सरकार गिरने के बाद आयोजित किए गए थे।
तब यहां की दोनों प्रमुख क्षेत्रीय पार्टियों नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने पंचायत चुनावों का बहिष्कार किया था। तब उन्होंने केंद्र सरकार पर जम्मू और कश्मीर के संवैधानिक प्रावधानों के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया था।
जम्मू-कश्मीर में इस साल लोकसभा का चुनाव संपन्न होने के बाद हाल ही में तीन चरणों में विधानसभा के चुनाव भी करवाए जा चुके हैं। अब नतीजों का इंतजार है, जिसके लिए 8 अक्टूबर (मंगलवार) को वोटों की गिनती होगी।












Click it and Unblock the Notifications