Jammu-Kashmir: पुंछ में LoC पर घुसपैठ की कोशिश, गोलीबारी में एक जवान जख्मी
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकियों के एक दल ने घुसपैठ की। इस दौरान भारतीय सेना के जवानों से उनकी झड़प भी हुई। इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ, जिसे तुरंत सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सेना के जवान पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक गुलपुर सेक्टर में एलओसी के पास कम से कम तीन आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। उनके पास हाईटेक हथियार थे। घटना की खबर मिलते ही सेना ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किया। तभी आतंकियों ने फायरिंग कर दी।

जवानों ने भी इस फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया, लेकिन आतंकी घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए ऑपरेशन अभी जारी है।
मामले में एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात की है। आतंकी घने पत्तों और अंधेरे की आड़ में छिपने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फॉरवर्ड पोस्ट पर तैनात जवानों ने उनको देख लिया। इलाके में तुरंत अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई, ताकि आतंकियों का सफाया किया जा सके।
कुपवाड़ा में चार आतंकी ढेर
अभी एक दिन पहले ही भारतीय सेना ने कुपवाड़ा सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम की थी। जिसमें चार आतंकी मार गिराए गए। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए।
सेना के मुताबिक कुपवाड़ा के माच्छिल सेक्टर में पीओके की ओर से चार आतंकी भारतीय सीमा में आ रहे थे। जवानों ने उनको ललकारा, जिस पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद चारों ढेर कर दिए गए।
गर्मियों में जवान रहते हैं अलर्ट
एलओसी के बहुत से इलाके काफी दुर्गम हैं। वहां सर्दियों में काफी ज्यादा बर्फ रहती है, जबकि मानसून में छोटे-छोटे नाले भी उफान पर रहते हैं। ऐसे में गर्मियों के सीजन में ज्यादा घुसपैठ की कोशिश की जाती है। इसको देखते हुए जवान वहां अलर्ट मोड पर रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications