Jammu-Kashmir: राजौरी में एनकाउंटर जारी, 3-4 आतंकियों के छिपे होने की आशंका
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। जिसके तहत सोमवार शाम राजौरी में आतंकियों और भारतीय सेना के जवानों में मुठभेड़ हुई। इलाके में कई आतंकियों के छिपे होने की खबर है, ऐसे में अतिरिक्त बलों की भी तैनाती की जा रही।
जानकारी के मुताबिक राजौरी के कालाकोट इलाके में ब्रोह और सूम वन क्षेत्र में कुछ संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। जिस पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने इलाके की घेराबंदी की और सर्च अभियान चलाया। जवानों को पास आता देख वहां छिपे आंतकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

इलाके में रुक-रुककर दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं है। जवान बहुत ही एहतियात के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग ना सकें, इस वजह से इलाके में अतिरिक्त बलों को भी भेजा गया है।
इससे एक दिन पहले भी इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान गोलियों की आवाज सुनी गई थी, लेकिन ये साफ नहीं हो पाया कि वहां पर क्या हुआ था। माना जा रहा था कि आतंकियों की उपस्थिति का पता लगाने के लिए गोलीबारी की गई।
3-4 आतंकी हैं मौजूद
सूत्रों के मुताबिक राजौरी घुसपैठ के लिहाजा से काफी संवेदनशील इलाका है। अभी इलाके में तीन से चार आतंकियों के छिपे होने का अनुमान है। माना जा रहा कि वो सीमा पार से ही आए होंगे।
बर्फबारी से पहले घुसपैठ की कोशिश
कश्मीर के अलावा जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ से भी आतंकी घुसपैठ करते हैं। नवंबर में बर्फबारी शुरू होने के साथ ही घुसपैठ के पारंपरिक रास्ते 6 महीने के लिए बंद हो जाते हैं। ऐसे में आतंकियों की कोशिश सितंबर-अक्टूबर में ज्यादा से ज्यादा घुसपैठ की रहती है। हालांकि भारतीय सेना इसको लेकर पहले से ही अलर्ट पर है।












Click it and Unblock the Notifications