आ गए कश्मीर में 'अच्छे दिन', हिजबुल मुजाहिद्दीन के टॉप आतंकी के भाई ने घर पर फहराया तिरंगा
एक वक्त था जब स्वतंत्रता दिवस आने से पहले ही कश्मीर में कर्फ्यू जैसा माहौल हो जाता था, लेकिन अब वहां के हालात काफी ज्यादा बदल गए हैं। इस साल स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले कश्मीर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसको देखकर लोग यही बोल रहे कि 'कश्मीर के अच्छे दिन आ गए'।
दरअसल मोदी सरकार 76वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर 'हर घर तिरंगा' अभियान चला रही। जिसके तहत सभी से अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाने को कहा जा रहा। इस बीच कश्मीर की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही, जिसमें आतंकी का भाई अपने घर में तिरंगा फहराता दिख रहा।

ये मामला उत्तर कश्मीर के सोपोर का है। वहां पर हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी जावेद मट्टू के भाई रईस मट्टू ने घर पर तिरंगा फहराया। देखते ही देखते उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। लोग मट्टू के जज्बे की तारीफ कर रहे।
पाकिस्तान में है जावेद मट्टू
जावेद मट्टू हिजबुल मुजाहिद्दीन का सक्रिय आतंकी है। उसने करीब 14 साल पहले घर छोड़ दिया था। इसके बाद वो आतंकी संगठनों के संपर्क में आया और फिर पीओके चला गया। वहां से ही घाटी में आतंकी गतिविधियों का संचालन करता रहता है। कश्मीर में हुई कई बड़ी घटनाओं में उसका नाम आ चुका है।
वहीं मीडिया से बात करते हुए रईस ने कहा कि मैंने दिल से तिरंगा लहराया। किसी का कोई दबाव नहीं था। सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा, हम बुलबुले हैं इसकी ये गुलिस्तां हमारा। उन्होंने आगे कहा कि कश्मीर में विकास हो रहा है। पहले राजनीतिक पार्टियां सिर्फ राजनीति करती थीं।
रईस के मुताबिक उनका भाई 2009 में आतंकी बन गया था। तब से वो उसके बारे में कुछ नहीं जानते हैं। अगर वो जिंदा है, तो वो उससे वापस आने की अपील करते हैं। अब स्थिति बदल गई है, पाकिस्तान कुछ नहीं कर सकता। हम हिंदुस्तानी थे, हैं और रहेंगे।
लाल चौक इलाके में भी तिरंगा
एक वक्त था जब किसी की हिम्मत लाल चौक के आसपास तिरंगा फहराने की नहीं होती थी, लेकिन अब वहां के हालात भी पूरी तरह से बदल चुके हैं। लाल चौक और उसके आसपास के इलाकों में तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा।
सीआरपीएफ ने निकाली तिरंगा रैली
वहीं 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत सीआरपीएफ ने कश्मीर के लाल चौक से बाइक तिरंगा रैली निकाली। इस दौरान आईजी अजय कुमार यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीआरपीएफ के मुताबिक 75 बाइक पर जवान तिरंगा लेकर निकले थे। जिसका मकसद वहां के लोगों में देशभक्ति जगाना है।












Click it and Unblock the Notifications