राजोरी में बोले शाह- रैली में 'मोदी-मोदी' के नारे, अनुच्छेद 370 हटने का विरोध करने वालों को करारा जवाब
जम्मू, 4 अक्टूबर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं, जहां वो मंगलवार को सीमावर्ती जिले राजोरी पहुंचे। वहां पर उन्होंने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आज की ये रैली, मोदी...मोदी के नारे उन लोगों के लिए जवाब हैं, जो कहते थे कि अनुच्छेद 370 हटेगा तो आग लग जाएगी और खून की नदियां बहेंगी।

शाह के कहा कि 70 साल जम्मू-कश्मीर पर 3 परिवारों ने राज किया और लोकतंत्र का मतलब इन्होंने सिर्फ अपना परिवार बना दिया था। आप सभी को क्या कभी भी ग्राम पंचायत, तहसील पंचायत, जिला पंचायत का अधिकार मिला था? 3 परिवारों ने लोकतंत्र, जम्हूरियत का मतलब सिर्फ पीढ़ियों तक शासन करना निकाल दिया था। क्या अनुच्छेद 370 और 35A नहीं हटाए जाने पर आदिवासी आरक्षण प्राप्त करना संभव होता? अब उसके हटने के बाद अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और पहाड़ी लोगों को उनका अधिकार मिलेगा।
शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में तीन परिवारों ने भ्रष्टाचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। आज मोदी जी पूरे जम्मू-कश्मीर के 27 लाख परिवारों को पांच लाख तक का स्वास्थ्य का पूरा खर्च उठा रहे हैं, 70 साल में इन तीन परिवारों ने दिया क्या? 2014 में देश में सरकार बदली और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। उन्होंने पहले जम्मू-कश्मीर में पंचायत चुनाव कराया। पहले केवल तीन परिवारों का ही शासन था, आज सभी जम्मू-कश्मीर के शासन में आ गए हैं। इसके अलावा पहले जम्मू-कश्मीर से पथराव की खबरें आती थीं। आज पथराव की कोई खबर नहीं है। मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं को सशक्त बनाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications