हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर तालिब हुसैन बेंगलुरू से गिरफ्तार, जम्मू कश्मीर टारगेट किलिंग से कनेक्शन
बेंगलुरु, 07 जून: जम्मू-कश्मीर में हाल के दिनों में तेजी से टारगेट किलिंग की वारदात बढ़ गई है। घाटी में बीते एक महीने में आतंकियों ने अपना निशाना बनाकर 9 ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है, जिससे वहां रहने वाले हिंदू लोग खौफ में जी रहे हैं। आतंकवादी कश्मीरी पंडितों को अपना टारगेट बनाकर मौत के घाट उतार रहे हैं, जिसको रोकने के लिए सुरक्षा बलों और पुलिस ने आतंकियों के खिलाफ अपना ऑपरेशन तेज कर दिया है। इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर तालिब हुसैन को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।

बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया हिजबुल मुजाहिद्दीन का कमांडर तालिब हुसैन का जम्मू कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग से सीधा कनेक्शन है। 17 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत आतंकी गिरफ्त में आया है। जानकारी के मुताबिक जम्मू के किश्तवाड़ का रहने वाला आतंकी तालिब हुसैन साल 2016 में हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हुआ था, जिसके बाद से लगातार भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
जम्मू-कश्मीर डीजीपी डीजीपी दिलबाग सिंह के मुताबिक आतंकी तालिब हुसैन बेंगलुरु में छिपा हुआ बैठा था और किश्तवाड़ में काफी वक्त से सक्रिय था, जिसको टीम ने वहां से दबोचा है। डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि अब तक घाटी में 47 टेरर मॉड्यूल को खत्म कर दिया गया है। आपको बता दें कि तालिब सुरक्षाबलों की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर है, लेकिन अभी तक बचा हुआ था।
गौरतलब है कि कश्मीर के शांत माहौल पर एक बार फिर से आतंकियों की नजर है। बीते दिनों सरकारी कर्मचारी राहुल भट्ट की हत्या के बाद कश्मीरी पंडितों में खौफ का माहौल है, जिसके बाद वो अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी उप राज्यपाल मनोह सिन्हा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख मनोज पांडे सहित कई सीनियर अफसरों के साथ कश्मीर के सुरक्षा के मुद्दे पर एक हाई लेवल मीटिंग की थी।












Click it and Unblock the Notifications