JK: बारामुला में शराब की दुकान पर ग्रेनेड हमला, 1 की मौत 3 घायल
श्रीनगर, 17 मई: कश्मीर के बारामुला जिले में मंगलवार शाम आतंकियों ने एक बार फिर आम नागरिकों को निशाना बनाकर हमला किया। आतंकियों ने हाल ही खुली एक नई शराब की दुकान को निशाना बनाकर ग्रनेड से हमला किया। जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हमला करने वाले आतंकी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

जानकारी के अनुसार, बारामुला के दीवान बाग में आज शाम आतंकियों ने कुछ दिन पहले खुली शराब की दुकान पर अचानक ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हमले में चार नागरिक घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। जहां पर एक शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रही है। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने सील कर दिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रेनेड फेंकने से पहले एक आतंकी शराब खरीदने के बहाने दुकान पर आया था जैसे ही उसने शराब मांगी तो अचानक अपने साथ लाए गए ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हमले में वहां मौजूद चार नागरिक घायल हो गए। आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जा रही है ताकि आतंकियों की पहचान की जा सके।
वहीं दूसरी ओर पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) कश्मीर विजय कुमार और संभागीय आयुक्त कश्मीर ने मंगलवार को बडगाम के शेखपोरा में धरने पर बैठे कश्मीरी पंडितों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन की तरफ से हर संभव मदद किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने घाटी में कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा बढ़ाने और आतंकवाद का पूरी तरह से खात्मा किए जाने का आश्वासन भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications