हिमाचल में तबाही के बीच जम्मू-कश्मीर में डोली धरती, आया 4.9 तीव्रता का भूकंप
उत्तर भारत में कुदरत का कहर जारी है, जहां हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। इस बीच सोमवार सुबह सीमवर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक 10 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भूकंप के झटके आए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 नापी गई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक भूकंप सुबह 5:38 पर आया था, लेकिन अभी तक इससे किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक वो सब सुबह अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे, तभी अचानक से भूकंप के झटके आए। जिले में रुक-रुककर भारी बारिश का सिलसिला जारी है, ऐसे में सभी डर गए और अपने घरों से निकलकर खुले में आ गए। वहां पर किसी तरह का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन काफी देर तक अफरा-तफरी रही।
24 घंटे में दूसरा झटका
इससे पहले रविवार शाम को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भूकंप आया था। वहां की तीव्रता 5.3 थी। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक भूकंप के झटके तेज थे, लेकिन किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि लोग कुछ देर के लिए डर गए थे। फिलहाल अब स्थिति सामान्य है।
उससे पहले हिंसाग्रस्त मणिपुर में भूकंप आया था, वहां पर तीव्रता बहुत कम यानी 3.3 थी। कई जगहों पर झटके महसूस नहीं हुए, बस वो रिक्टर स्केल पर रिकॉर्ड किए गए।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर
वहीं दूसरी ओर हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का जारी है। हिमाचल में कई पुल बह गए, जबकि 500 से ज्यादा सड़क मार्ग बाधित हुए हैं। वहां पर कई लोगों की मौत भी हुई। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की वजह से कई जगह पर भूस्खलन हुआ, जिससे दर्जनों सड़कें बंद पड़ी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications