जम्मू कश्मीर के कुलगाम में भाजपा नेता की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या
श्रीनगर, 17 अगस्त: जम्मू कश्मीर के कुलगाम में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। हमले के पीछे आतंकवादियों का हाथ बताया गया है। मृतक की पहचान जावीद अहमद डार के तौर पर हुई है। डार कुलगाम जिले की होमशालिबाग विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रेसीडेंट थे।

डार पर मंगलवार को उस वक्त हमला हुआ जब वो कुलगाम के ब्राजलू-जागीर में अपने घर के पास ही थे। यहां आतंकवादियों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। गंभीर हालत में उनको अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। कश्मीर के बीजेपी मीडिया सेल के हेड मंजूर अहमद ने डार की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि डार बीते तीन साल से होमशालिबाग के अध्यक्ष थे और पार्टी को मजबूत कर रहे थे।मंजूर अहमद ने कहा कि उनकी पूरी पार्टी आतंकियों के इस कायरतापूर्ण काम की निंदा करती है और ऐसे करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

नेताओं पर लगातार हो रहे हैं हमले
Recommended Video
जम्मू-कश्मीर में मेनस्ट्रीम राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं पर हमले का ये कोई पहला मामला नहीं है। सूबे में लगातार राजनेताओं को निशाना बनाया गया है। भाजपा के नेताओं पर हाल के दिनों में सबसे ज्यादा हमले हुए हैं। हाल ही में राजौरी जिले में बीजेपी नेता जसबीर सिंह पर ग्रेनेड से हमला किया गया था। इस हमले में पांच लोग घायल हो गए थे। इससे पहले नौ अगस्त को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने बीजेपी नेता गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। डार कुलगाम में भाजपा पार्टी के किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष थे। गुलाम रसूल डार की हत्या की उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला समेत तमाम नेताओं ने निंदा की थी।












Click it and Unblock the Notifications