जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में ड्रोन के इस्तेमाल और खरीद पर बैन
राजोरी, जून 30: जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार रात ड्रोन के जरिए ब्लास्ट करने की घटना के बाद जम्मू और उसके आसपास के जिलों में हाई अलर्ट लागू है। इसी बीच पाकिस्तान सीमा से सटे जिले राजोरी ने एतिहात के तौर पर नए दिशा-निर्देश लागू कर दिए हैं। राजोरी जिले में ड्रोन और किसी भी तरह की उड़ने वाली छोटी वस्तुओं के भंडारण, बिक्री, इस्तेमाल और परिवहन पर रोक लगा दी गई है।

Recommended Video
जिला प्रशासन की ओऱ से जारी किए नए निर्देशों के मुताबिक, देश विरोधी तत्वों द्वारा मानव जीवन को नुकसान, चोट और जोखिम पैदा करने के लिए ड्रोन और उड़ने वाली वस्तुओं के उपयोग को देखते हुए, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले ने किसी भी ड्रोन या छोटी उड़ने वाली वस्तुओं/खिलौने के भंडारण, बिक्री, उपयोग और परिवहन पर प्रतिबंध लगाया दिया है। आदेश में कहा है कि अगर किसी के पास इस तरह का कोई ड्रोन कैमरा या उड़ने वाली वस्तु है तो वो उसे स्थानीय पुलिस स्टेशन में जमा करा दें और वहां से एक पर्ची ले लें।
जारी आदेश के मुताबिक, अगर किसी सरकारी एजेंसी द्वारा मैपिंग और सर्विलांस के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है तो उसकी जानकारी लोकल पुलिस स्टेशन इंचार्ज को देनी होगी। बता दें कि जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार रात को दो ब्लास्ट हुए और सोमवार को सुबह तड़के दो ड्रोन को देखा गया। इसके बाद हरकत में आते हुए पुलिस ने राजोरी के सभी एंट्री प्वाइंट पर स्पेशल नाके लगाए हैं और हर वाहन की तलाशी ली जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू के वायु सेना अड्डे (एयरबेस) पर ड्रोन हमले की जांच एनआईए को सौंप दी है। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुरूप एनआईए ने कहा कि उसने 27 जून की तारीख में सतवारी थाने में पुन: मामला पंजीकृत किया है। वहीं, सोमवार देर रात जम्मू के रत्नूचक इलाके के कुंजवानी में फिर संदिग्ध ड्रोन दिखा है। पिछले दो दिन में यहां तीसरी बार ड्रोन देखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications