Amarnath Yatra: अमरनाथ यात्रियों के लिए निराश करने वाली खबर, यात्रा लगातार तीसरे दिन भी निलंबित
Amarnath Yatra Suspended: जम्मू कश्मीर में लगातार भारी बारिश के चलते अधिकारियों ने रविवार को लगातार तीसरे दिन अमरनाथ यात्रा स्थगित करने का फैसला किया है। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर पंथयाल सुरंग के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया है जिससे राजमार्ग बंद हो गया है। इसके चलते यातायात के आने जाने में परेशानी हो रही है। जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास से किसी भी यात्री को घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैंने व्यक्तिगत रूप से उत्तरी कमान के सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल (उपेंद्र) द्विवेदी और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) डॉ. मंदीप भंडारी से बात की है। दोनों वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जम्मू-कश्मीर के बड़े हिस्से में गुरुवार रात से भारी बारिश हो रही है, जबकि महागुन टॉप और अमरनाथ गुफा मंदिर के आसपास के इलाकों सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। कुछ स्थानों पर जुलाई में 24 घंटों की अवधि में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई।

कहां कितने तीर्थयात्रियों को रोका गया
जम्मू और रामबन जिलों में लगभग 6000 तीर्थयात्रियों को, सांबा में 1200, कठुआ में 1100 और उधमपुर जिलों में 600 लोगों को यात्री निवास में ठहराया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को जम्मू-कश्मीर के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, लेकिन जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications