Jammu Kashmir: कब्र खुदाई के दौरान हादसा, कई लोगों को लगा करंट, पुंछ ब्रिगेड ने बचाई 5 की जान
Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां करंट की चपेट में छह लोग आ गए। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर है। सभी घायलों को सेना की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक नगर के मोहल्ला आला पीर स्थित कब्रिस्तान में कब्र खोदने का काम चल रहा था। तभी ये हादसा हुआ। कब्र खोदने में जितने लोग लगे थे, सभी करंट लगने से झुलस गए। हालांकि सेना के जवान मदद के लिए पहुंच गए थे, जिससे कई को बचा लिया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक 6 लोग मिलकर कब्र खोद रहे थे। मौसम सही नहीं है, ऐसे में धूप से बचने के लिए उन्होंने एक लोहे का फ्रेम लाने की योजना बनाई। सभी लोग मिलकर उसे ला रहे थे, लेकिन वहां ऊपर से एक तार गया हुआ था।
खुला तार उनकी नजर में नहीं आया और फ्रेम उससे टच हो गया। जिससे 6 लोग झुलस गए। उनको कंरट इतना तेज लगा कि मिस्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी 5 की हालत खराब थी। घटना की खबर मिलते ही सेना के जवान भी एंबुलेंस लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूबीना के मुताबिक घटना दोपहर की है। उस वक्त 6 लोग अस्पताल लाए गए थे, जिसमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 5 घायलों का इलाज जारी है। उसमें से एक की हालत गंभीर है। जिसकी निगरानी की जा रही।
एसएचओ पुंछ दीपक पठानिया के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे उनके परिजन को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि मोहल्ला कम्मां खान में एक शख्स की मौत जम्मू में हुई थी। उसको पुंछ में दफनाया जाना था, उसी की कब्र की खुदाई हो रही थी। तभी ये हादसा हुआ। उनकी टीम मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications