गुलाम नबी आजाद की जनसभा से पहले जम्मू में 20 कांग्रेसी नेताओं ने दिया इस्तीफा, करेंगे आजाद का समर्थन
नई दिल्ली, सितंबर 02। कांग्रेस से गुलाम नबी आजाद के जाने के बाद इस्तीफों का दौर थम नहीं रहा है। शुक्रवार को जम्मू नॉर्थ जिला कमेट के करीब 20 स्थानीय नेताओं ने अपना इस्तीफा पार्टी हाईकमान को सौंप दिया। सभी 20 नेताओं ने गुलाम नबी आजाद के समर्थन में यह इस्तीफा दिया है।

4 सितंबर को जनसभा करेंगे आजाद
आपको बता दें कि 4 सितंबर को जम्मू में गुलाम नबी आजाद की कांग्रेस छोड़ने के बाद पहली जनसभा होगी। इस जनसभा को लेकर आजाद के समर्थकों में खासा उत्साह है। आज के यह इस्तीफे उसी जनसभा से प्रभावित होकर माने जा रहे हैं। गुलाम नबी आजाद कांग्रेस छोड़ने के बाद यह ऐलान कर चुके हैं कि वो नई पार्टी बनाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि रविवार को आजाद अपनी पार्टी के नाम की घोषणा कर सकते हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी के नेता राजिंदर प्रसाद के कांग्रेस में सभी पदों से बाहर किए जाने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया। राजिंदर प्रसाद नौशेरा राजौरी के दिवंगत मास्टर बेली राम शर्मा के पुत्र हैं। आजाद की तरह उन्होंने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को संबोधित अपने त्याग पत्र में पार्टी में हो रहे काम के तरीके को जिम्मेदार ठहराया है।
राजिंदर प्रसाद ने सोनिया गांधी को लिखे अपने त्याग पत्र में कहा है कि पार्टी इस वक्त जी हुजूरी और चापलूसी करने वाले नेताओं से घिरी हुई है, जो जनता के दुख और वास्तविकता से परिचित नहीं है। आपको बता दें कि गुलाम नबी आजाद अपनी पार्टी शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और इसकी पहली इकाई जम्मू कश्मीर से ही शुरू होगी। आजाद के करीबियों ने इसकी पुष्टि की है।












Click it and Unblock the Notifications