Rajasthan में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ महिलाओं ने मिलाए कदम, जानिए कैसा रहा दिन
राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में महिलाओं ने राहुल गांधी के साथ कदम मिलाए। इस दौरान यात्रा में महिला सशक्तिकरण की तस्वीर दिखाई दी। राहुल गांधी ने महिला संगठनों और महिलाओं से भी बातचीत की।

Congress की भारत जोड़ो यात्रा में सोमवार का दिन नारी शक्ति के नाम रहा। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार को आठवां दिन था। यह यात्रा झालावाड़, कोटा, बूंदी होते हुए सवाई माधोपुर में प्रवेश कर गई है। राजस्थान में सोमवार को सिर्फ महिलाएं ही राहुल गांधी के साथ चली। सुबह के सत्र में तेजाजी महाराज मंदिर से पीपलवाड़ा तक पदयात्रा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेटा डिसूजा समेत हजारों महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी। सुबह के सत्र में चलते हुए राहुल गांधी ने भारत ज्ञान विज्ञान समिति के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इन लोगों ने राहुल गांधी को केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति की खामियां बताई। वहीं राहुल गांधी ने किन्नर समाज के लोगों के साथ बातचीत भी की। उन लोगों ने बताया कि राजस्थान सरकार ने किन्नर समाज के उत्थान के लिए 10 करोड का बजट जारी किया है। बजट का यह पैसा सही तरीके से समाज के लोगों तक पहुंचे। इसकी व्यवस्था की जानी चाहिए।

महिलाओं पर महंगाई की मार
राज्य सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने बताया कि महंगाई की सबसे ज्यादा मार महिलाओं पर पड़ती है। भारत जोड़ो यात्रा महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने के लिए हैं। इसलिए राहुल के साथ महिलाएं कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस की सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कई कार्य कर रही है।

सांप्रदायिकता और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज
राजस्थान राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा कि सांप्रदायिकता और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आज बड़ी संख्या में महिलाएं राहुल गांधी के साथ चली हैं। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने बताया कि पंचायतों में 35% आरक्षण देकर राजीव गांधी ने महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण किया है। विधायक दिव्या मदेरणा ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बाद अब राजस्थान में एक दिन सिर्फ महिलाओं को यात्रा में चलने का मौका देना दिखाता है कि कांग्रेस महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं की आवाज मुखर कर रही है।

महिला आरक्षण बिल पास करे केंद्र सरकार
जयराम रमेश ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायतों में एक तिहाई आरक्षण महिलाओं को दिया। जब मनमोहन सिंह की सरकार थी। तब कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पास करवाया था। वह बिल आज भी लोकसभा में पड़ा हुआ है। मोदी सरकार को 8 साल हो गए हैं। उन्होंने अभी तक इसे पारित करने का प्रयास नहीं किया है।

महिला संगठनों से मिले राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दोपहर में राजस्थान में महिलाओं के अधिकारों और कल्याण के लिए काम कर रहे सात प्रमुख महिला संगठनों के साथ बातचीत की। इसमें दलित महिला मंच, आदिवासी महिला मंच, भेदभाव छुआछूत मुक्त अभियान, नेशनल मुस्लिम विमेन वेलफेयर सोसाइटी, जयपुर महिला जनशक्ति अधिकार समिति अजमेर, मजदूर किसान शक्ति संगठन आदि के प्रतिनिधि मौजूद थे।

भारत जोड़ो यात्रा में नजर आए निवाई नगरपालिका के भाजपा पार्षद
निवाई नगरपालिका के भाजपा पार्षद शंकर घाटी (शर्मा) भाजपा की जन आक्रोश रैली छोड़कर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में नजर आए। प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के आठवें दिन यात्रा के स्वागत के लिए जिले भर के कांग्रेसी कार्यकर्ता सुबह 4 बजे से ही बूंदी टोंक जिले की सीमा पर स्वागत के लिए खड़े थे। इस दौरान राहुल गांधी के स्वागत में निवाई नगरपालिका भाजपा से वार्ड पार्षद शंकर घाटी भी खड़े नजर आए। पार्षद घाटी यात्रा का स्वागत करने के लिए सुबह जल्दी ही पहुंच गए थे।












Click it and Unblock the Notifications