Rajasthan में आरसीए चुनाव में वैभव गहलोत निर्विरोध अध्यक्ष, सीपी जोशी ने बिठाए समीकरण
राजस्थान में आरसीए चुनाव से पहले वैभव गहलोत के विपक्षी गुट ने नामांकन वापस ले लिए हैं। आरसीए के इतिहास में वैभव गहलोत पहली बार निर्विरोध अध्यक्ष चुनने जा रहे है। वैभव के पक्ष में सीपी जोशी ने समीकरण बैठाए हैं।

Rajasthan क्रिकेट एसोसिएशन के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। आरसीए के इतिहास में पहली बार निर्विरोध कार्यकारिणी का गठन होने जा रहा है। इसमें वैभव गहलोत निर्विरोध अध्यक्ष बनेंगे। मतदान से पहले ही वैभव गहलोत का विपक्षी राजेंद्र सिंह नांदू गुट हथियार डालकर चुनाव मैदान से दूर हो गए हैं। आरसीए चुनाव में शुक्रवार को नामांकन वापसी के दिन अध्यक्ष पद के लिए वैभव गहलोत के खिलाफ खड़े गिरिराज सनाढ्य और नांदू गुट के मुकेश शाह ने नामांकन वापस लेने का फैसला किया। नामांकन वापसी के बाद नांदू गुट से कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार विनोद सहारण ने कहा कि यह फैसला राजस्थान क्रिकेट की भलाई के लिए है। सभी वैभव गहलोत के साथ मिलकर काम करेंगे। ताकि प्रदेश के क्रिकेट को और बेहतर बनाया जा सके।

सीपी जोशी ने बिठाए समीकरण
नांदू गुट के उम्मीदवार ने शुक्रवार को अचानक आरसीए पहुंचकर नामांकन वापस ले कर सबको चौंका दिया। निर्विरोध चुनाव के लिए आरसीए के पूर्व अध्यक्ष सीपी जोशी ने समीकरण बैठाए। नामांकन वापसी के बाद नांदू गुट के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश शाह ने बताया कि आरसीए चुनाव को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी से बातचीत हुई थी। जोशी ने हमारी सभी मांगों को पूरा करने के साथ बिना किसी भेदभाव के क्रिकेट के विकास का वादा किया है। नागौर, श्रीगंगानगर, अलवर, भरतपुर और धौलपुर को डिस्क्वालिफाई करने से खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पा रहा था। इसे लेकर जोशी ने भी जिला संघों के साथ समान व्यवहार करने का वादा किया है।

यह होगी नई कार्यकारिणी
विपक्षी गुट द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद अब आरसीए के अध्यक्ष वैभव गहलोत होंगे। वहीं उपाध्यक्ष शक्ति सिंह, सचिव भवानी सामोता, संयुक्त सचिव राजेश भड़ाना, एग्जीक्यूटिव फारुख मोहम्मद और कोषाध्यक्ष रामपाल शर्मा होंगे। कार्यकारिणी के गठन के बाद 24 दिसंबर को ही आरसीए की एजीएम होगी।

प्रदेश के खिलाड़ियों पर और फोकस करने की जरूरत
वैभव गहलोत ने सीपी जोशी का धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे। जोधपुर और जयपुर के स्टेडियमों की हालत जल्द सुधरेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों पर और फोकस करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications