कोरोना से लड़ रहे राजस्थान की पैरवी के लिए गहलोत सरकार ने तीन मंत्रियों को दिल्ली भेजा
जयपुर, 28 अप्रैल। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर प्रदेश के तीन वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों रघु शर्मा, बीडी कल्ला और शांति धारीवाल को राजस्थान की ओर से पैरवी के लिए नई दिल्ली भेजा गया, जहां इन तीनों मंत्रियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडविया से उनके राजकीय आवासों पर मुलाकात की।

वहीं, इन तीनों मंत्रियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से वर्चुअल बैठक की और राज्य की कोविड-19 की परिस्थितियों के बारे में बताया। साथ ही केन्द्र सरकार से राजस्थान को मिलने वाली ऑक्सीजन आपूर्ति के साथ उसके परिवहन के लिए टैंकरों की संख्या बढ़ाने और रेमडेसिविर इंजेक्शनों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग रखी।
साथ ही मंत्री समूह ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से उनके राजकीय आवास पर मुलाकात करके राजस्थान की वर्तमान कोविड-19 की स्थिति से अवगत करवाते हुए केंद्रीय सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान ओम बिरला ने संबंधित केंद्रीय मंत्रियों और केंद्रीय अधिकारियों से फोन पर बात करके राजस्थान हो भरपूर सहयोग देने का निर्देश दिए। मंत्री समूह ने नई दिल्ली के राजस्थान हाउस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और मनसुख मांडविया के साथ वर्चुअली जुड़कर राजस्थान की कोविड-19 के संक्रमण की वर्तमान स्थिति को विस्तार से रखा।
वर्चुअल मीटिंग में मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष प्रेजेंटेशन देकर बताया कि राज्य में जिस तरह से कोविड-19 के संक्रमण के केसेस बढ़ रहे हैं। उससे राज्य की मेडिकल संरचना पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। इसीलिए अक्सीजन आपूर्ति, ऑक्सीजन परिवहन के लिए टैंकरों की संख्या बढ़ाने और जीवन रक्षक दवाइयों की आपूर्ति बढ़ाने में केंद्रीय सहयोग अति आवश्यक है। शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि अच्छी बात यह है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से केंद्रीय मंत्रियों ने हमारी बात सकारात्मक रूप से सुनी। धारीवाल ने कहा कि ओम बिरला ने सभी मंत्रियों, अधिकारियों को फोन करके हमारी मांगों पर विचार करने को कहा कि हमें उम्मीद है कि भारत सरकार जल्दी राजस्थान की समस्याओं के निराकरण पर ध्यान देगी।
जलदाय मंत्री बी.डी. कल्ला ने कहा कि रेल मंत्री पीयूष गोयल ने राजस्थान में ऑक्सीजन सप्लाई के लिए ईस्टर्न राज्यों से रेलवे से सप्लाई करने का आश्वासन दिया है। बी.डी. कल्ला ने कहा कि हमनें भारत सरकार से भिवाड़ी ऑक्सीजन प्लांट की ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता बढ़ाने, और जामनगर से मिलने वाली ऑक्सीजन का कोटा बढ़ाने का आग्रह किया है।












Click it and Unblock the Notifications