सचिन पायलट-'BJP में नहीं जाऊंगा', हनुमान बेनीवाल ने पायलट को दिया RLP ज्वॉइन करने का ऑफर
जयपुर। राजस्थान डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ पद से हटाए जाने के बाद सचिन पायलट ने पूरी तरह से अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि यह स्पष्ट कर दिया है कि सचिन पायलट भाजपा में नहीं जाएंगे। राजस्थान के सियासी संकट में अब सचिन पायलट कौनसा दांव चलेंगे और उनका राजनीतिक भविष्य क्या होगा। इस पर अभी संशय बना हुआ है। इस पूरे प्रकरण को लेकर आज सचिन पायलट की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होनी है।

आरएलपी उन्हीं की पार्टी, मैं उनका भाई हूं-बेनीवाल
इस बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक व राजस्थान के नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने सचिन पायलट को आरएलपी ज्वाइन करने का न्योता दिया है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि अगर सचिन पायलट, विश्वेन्द्र सिंह, रमेश मीणा और उनके समर्थक विधायक आरएलपी ज्वॉइन करते हैं तो उनका स्वागत है। यह उन्हीं की पार्टी है। मैं उनका भाई हूं।

सचिन पायलट सीएम बनते तो हम समर्थन करते
हालांकि हनुमान बेनीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि सचिन पायलट और उनके खेमे के विधायकों के आरएलपी ज्वाइन करने के संबंध में उनकी अभी तक किसी से बात नहीं हुई है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस को बहुमत मिला था, तब भी आरएलपी ने कहा था कि अगर सचिन पायलट मुख्यमंत्री बनते हैं तो हम उन्हें समर्थन देंगे। लेकिन, उस समय अशोक गहलोत को सीएम बनाया गया।

गहलोत से मेरा 36 का आंकड़ा
सांसद हनुमान बेनीवाल का कहना है कि उनका और अशोक गहलोत का 36 का आंकड़ा है। लोकसभा चुनाव 2020 में भी बेनीवाल ने कहा था कि गहलोत के बेटे को नहीं जीतने देंगे। लोकसभा चुनाव में आरएलपी और बीजेपी एक साथ मिलकर मैदान में उतरी। नतीजा यह रहा कि कांग्रेस राजस्थान की 25 में से एक भी सीट नहीं जीत पाई।












Click it and Unblock the Notifications