Sachin Pilot Birthday: बिधुड़ी से 'पायलट' कैसे बने सचिन, लंदन से कश्मीर तक हुए इनकी Love Story के चर्चे
sachin pilot biography in Hindi: सचिन पायलट का जन्म 7 सितंबर 1977 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुआ। राजस्थान में डिप्टी सीएम रह चुके सचिन पायलट टोंक से कांग्रेस विधायक हैं। आज सचिन पायलट का जन्मदिन है।
Sachin Pilot Love Story: सचिन पायलट 46 साल को हो गए हैं। आज 7 सितंबर 2023 को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। सचिन पायलट मूलरूप से यूपी के रहने वाले हैं। राजस्थान में डिप्टी सीएम तक रह चुके हैं। जन्मदिन के मौके पर आईए जानते हैं सचिन पायलट का पूरा जीवन परिचय।

बिधुड़ी से पायलट नाम कैसे मिला?
सचिन पायलट का जन्म उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट व रमा पायलट के घर 7 सितंबर 1977 को हुआ। गुर्जर समाज से आने वाले सचिन पायलट का पैतृक गांव ग्रेटर नोएडा का वैदपुरा है। पिता का पूरा नाम राजेश्वर प्रसाद सिंह बिधूड़ी था। वे भारतीय वायुसेना में पायलट थे। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के करीबी थे। गांधी ने उन्हें पायलट सरनेम दिया, जो बाद में सचिन भी अपने नाम के साथ लगाने लगे।
सीएम की बेटी को दिल दे बैठे थे सचिन
1990 के दशक में सचिन पायलट सचिन पायलट लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया में एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। वहां सचिन की मुलाकात जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम रहे फारुक अब्दुल्ला की बेटी सारा से हुई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने भारत लौटने के बाद शादी का फैसला किया। सारा के परिजन नहीं माने तो दोनों ने साल 2004 में अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया। इनके दो बच्चे आरन व विहान हैं।

सचिन पायलट का राजनीतिक कॅरियर
पिता राजेश पायलट की सड़क हादसे में मौत के बाद सचिन ने राजस्थान में उनकी राजनीतिक विरासत संभाली। 26 साल की उम्र में साल 2004 में दौसा से सांसद बने। 32 साल की उम्र में 15वीं लोकसभा के मंत्रिमंडल में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री में मंत्री बने। सचिन पायलट 36 की उम्र में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चीफ बनाए गए और साल 2018 में टोंक से विधायक चुने गए। फिर राजस्थान सरकार में डिप्टी सीएम भी रहे।
राजस्थान चुनाव 2023 में सचिन पायलट की भूमिका
साल 2020 में सीएम अशोक गहलोत से सियासी खींचतान के चलते सचिन पायलट को पीसीसी चीफ और डिप्टी सीएम दोनों पद गंवाने पड़े। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 आते-आते अशोक गहलोत व सचिन पायलट के सियासी रिश्ते सामान्य होते दिखे। अशोक गहलोत व सचिन पायलट एकजुट होकर फिर से सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में हैं। सीएम अशोक गहलोत ने 7 सितंबर को सचिन पायलट को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications