मास्टरमाइंड बत्तीलाल ने ऐसे लीक करवाया रीट 2021 का पेपर, अलवर के सेंटर पर दुबारा होगी परीक्षा
जयपुर, 28 सितम्बर। राजस्थान में सबसे बड़ी परीक्षा रीट 2021 सम्पन्न होने के बाद अब इसका पेपर लीक प्रकरण और परीक्षा दुबारा करवाने की चर्चा सुर्खियों में है। 26 सितम्बर को हुई राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी रीट 2021 का पेपर सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी में लीक हुआ है जबकि दुबारा परीक्षा करवाने की नौबत अलवर जिले के एक सेंटर पर आई है।

एसओजी ने रविवार रात को संजय मीणा को जयपुर से अरेस्ट किया है। मूलरूप से सवाई माधोपुर के मलारणा का रहने वाले संजय मीणा ने मास्टरमाइंड बत्तीलाल से रीट का पेपर लिया था। संजय ने पेपर के लिए गंगापुर सिटी में राजस्थान पुलिस के कांस्टेबल देवेंद्र गुर्जर को दिलखुश से मिलकर पेपर लेने को कहा। देवेंद्र की पत्नी लक्ष्मी परीक्षा दे रही थी।

मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पेपर लीक प्रकरण की जांच एसओजी कर रही है। जांच के बाद ही कहा जा सकेगा कि पेपर लीक माना जाएगा या नहीं। साथ ही इसमें जिन पुलिसकर्मियों के नाम सामने आ रहे हैं उन्हें किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इधर, अलवर जिले से खबर है कि अलवर के कमला देवी महाविद्यालय ढीकवार मांडन नीमराना के परीक्षा केंद्र ट्रेफिक जाम की वजह से पेपर पहुंचने में देरी हुई है। इसलिए वहां रीट परीक्षा 2021 दुबारा करवाई जाएगी। इस केंद्र के सभी 600 परीक्षा दुबारा परीक्षा कब देंगे इसकी तिथि 15 से 20 दिन बाद घोषित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications