राज्यसभा चुनाव: सुभाष चंद्रा के दावे पर सचिन पायलट का पलटवार, बोले- वोटिंग से पहले मुकाबले से बाहर हो जाएं
जयपुर, 8 जून। राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। मतदान दस जून को है। भाजपा ने पाटी के प्रत्याशी घनश्याम तिवारी के अलावा सुभाष चंद्रा को निर्दलीय उम्मीदवार बनाया है। राज्यसभा चुनाव 2022 में प्रत्याशी सुभाष चंद्रा ने क्रोस वोटिंग का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आठ विधायक उनके पक्ष में वोट करेंगे। ऐसे में उनकी जीत तय है।
Recommended Video

इधर, सुभाष चंद्रा के दावे पर राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जवाब दिया है। सचिन पायलट ने ट्वीट कर लिखा कि 'राजस्थान से राज्यसभा के निर्दलीय उम्मीदवार के लिए सलाह है कि वे 10 तारीख को वोटिंग से पहले मुकाबले से बाहर हो जांए तो बेहतर रहेगा। बेइज्जती झेलने से अच्छा विनम्रता की तरफ झुकना होता है।'
बता दें कि राजस्थान में राज्यसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला व प्रमोद तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। विधायकों की संख्या के लिहाज से कांग्रेस का पलड़ा भारी है। क्योंकि राजस्थान में कुल दो सौ विधायक हैं।
राज्यसभा की एक सीट के लिए 41 वोट चाहिए। कांग्रेस खुद के 108 व अन्य समर्थक विधायकों के दम पर तीन सीट पर कब्जा जमाने की कोशिश में है। जबकि 71 विधायकों के साथ भाजपा के खाते में एक सीट जाना तो तय है, मगर क्रोस वोटिंग के दम पर दूसरी सीट भी जीतने के प्रयास में है।
इधर, सचिन पायलट ने सुभाष चंद्रा पर निशाना साधते हुए लिखा कि दुर्भाग्य से, राजनीति टीवी सीरियल बनाने की तरह नहीं है, जहां आप यह तय करते हैं कि कौन क्या करेगा। सुभाष चंद्रा ने जयुपर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कांग्रेस विधायकों से संपर्क में होने और क्रॉस वोटिंग का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य 12 विधायक चुनाव में मेरा समर्थन करेंगे।
जिनमें कांग्रेस के आठ और दूसरी पार्टियों के चार विधायक शामिल हैं। यह सभी मेरे पक्ष में वोटिंग करेंगे। उसके बाद उन्होंने सचिन पायलट को घेरा। चंद्रा ने कहा कि सचिन पायलट के पास यह मौका है, आज यह मौका चूक गए तो 2028 तक सीएम नहीं बनेगे। वे कांग्रेस के जुझारू नेता है।
उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत भी आलाकमान को आंख दिखाते हैं, उसी तरह सचिन पायलट को भी अब स्टैंड लेना चाहिए। राज्यसभा चुनावों में उनके पास मौका है, अगर वे समर्थन करते हैं तो 2023 में उनके सीएम बनने के चांस बनते हैं अन्यथा 2028 तक कोई चांस नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications