राजस्थान: जयपुर में बनेगा राजीव गांधी सेन्टर फॉर आईटी डवलपमेंट एंड ई-गवर्नेंस, सीएम गहलोत ने दी स्वीकृति
प्रदेश में साइबर सिक्योरिटी तथा डाटा सिक्योरिटी को बढ़ावा देने के लिए जयपुर में राजीव गांधी सेन्टर फॉर आईटी डवलपमेंट एंड ई-गवर्नेंस की स्थापना की जाएगी। सीएम गहलोत ने इसके लिए 147.55 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।

प्रदेश में साइबर सिक्योरिटी तथा डाटा सिक्योरिटी को बढ़ावा देने के लिए जयपुर में राजीव गांधी सेन्टर फॉर आईटी डवलपमेंट एंड ई-गवर्नेंस की स्थापना की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कुल 147.55 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। यह सेंटर जयपुर के झालाना डूंगरी क्षेत्र स्थित खेतान पाॅलिटेक्निक कॉलेज परिसर में स्थापित होगा। इसके लिए वर्ष 2023-24 में 100 करोड़ रुपये का व्यय किया जाएगा। संस्थान में ब्लाॅकचैन, साइबर सिक्योरिटी, आइएफएमएस, डेटा सिक्योरिटी के लिए डिजिटल इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। यहां ई-गवर्नेंस मजबूत करने के लिए उपयोगी आईटी उत्पादों और आईटी साॅल्यूशन्स को विकसित एवं क्रियान्वित करने के लिए आवश्यक उपकरण व सॉफ्टवेयर उपलब्ध होंगे। शैक्षणिक, औद्योगिक, सरकारी और स्टार्ट-अप इको सिस्टम के लिए सॉफ्टवेयर, उपकरण एवं प्लेटफार्म आदि एक सेवा के रूप में उपलब्ध होंगे।
अपराधों की संख्या होगी कम
सेंटर साइबर अपराधों को नियंत्रित करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में आमजन को जागरूक करने में सहायक होगा। यहां राज्य के तकनीकी स्नातकों की आधुनिक प्रौद्योगिकी में क्षमता संवर्धन का कार्य भी किया जाएगा। साथ ही ब्लॉकचैन प्रौद्योगिकी के उपयोग के लिए आवश्यक विशेषज्ञता एवं कौशल को विकसित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में राजीव गांधी सेन्टर फॉर आईटी डवलपमेंट एंड ई-गवर्नेंस की स्थापना के संबंध में घोषणा की गई थी। इसी क्रम में यह वित्तीय स्वीकृति दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications