Rajasthan : राजधानी जयपुर में पुजारी ने किया आत्मदाह का प्रयास, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
जयपुर, 18 अगस्त। प्रदेश की राजधानी जयपुर के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में एक पुजारी ने आत्मदाह का प्रयास किया है। आग से पुजारी बुरी तरह से झुलस गया है। गंभीर हालत में पुजारी को सवाई मानसिंह अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। मामला मुरलीपुरा थाना क्षेत्र के शंकर विहार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर का है। जानकारी के मुताबिक पुजारी गिर्राज शर्मा का मंदिर समिति के पदाधिकारी के साथ विवाद चल रहा था। समिति के सदस्य पुजारी को जबरन हटाना चाहते थे। इसके चलते आए दिन पुजारी को परेशान किया जा रहा था। पुजारी ने मंदिर समिति के सदस्यों पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। पुजारी के आत्मदाह के प्रयास के बाद संत समाज में आक्रोश है।

पुलिस ने शुरू की जांच, दो लोग हिरासत में
मामले की जानकारी मिलते ही मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी प्रमुख स्वामी ने मंदिर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आपको बता दें कि महीने भर पहले भरतपुर में साधु विजय दास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लिया था। साधु को दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई थी। संत विजयदास ने ब्रज क्षेत्र के नगर और पहाड़ी इलाके में अवैध खनन के विरोध में आत्मदाह किया था।













Click it and Unblock the Notifications