Rajasthan : ओम माथुर और भूपेंद्र यादव के भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल, आसान होगी वसुंधरा की राह
जयपुर, 18 अगस्त। भाजपा ने केंद्रीय चुनाव समिति में राजस्थान के दो वरिष्ठ नेताओं को जगह दी है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल किया है। राजस्थान में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर ओम माथुर और भूपेंद्र यादव का केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल होना अहम माना जा रहा है। ओम माथुर लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूर थे। उनकी वापसी से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को मजबूती मिलेगी। दोनों वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे के करीबी माने जाते हैं। माना जा रहा है कि ओम माथुर और भूपेंद्र यादव के केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल होने से वसुंधरा राजे राजस्थान में और मजबूत होकर उभरेंगी। ओम माथुर को राजनीति का लंबा तजुर्बा है। एक बार प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जबकि भूपेंद्र यादव 2013 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान में सक्रिय भूमिका में थे। उस चुनाव में वे वसुंधरा राजे के सारथी थे। इस चुनाव में भाजपा ने 163 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

सीएम फेस को लेकर भाजपा में अंतर्कलह
राजस्थान में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है। पार्टी के कई विधायकों और नेताओं ने कई बार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को नेतृत्व देने की मांग की है। वही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया दावा करते हैं कि विधानसभा चुनाव यह मोदी और पार्टी के चुनाव चिन्ह पर ही लड़ा जाएगा। कई मौकों पर सीएम फेस को लेकर पार्टी के भीतर चल रहा अंतर्कलह सामने भी आया है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को एकजुटता का संदेश देने की बात कही है। इसे लेकर प्रयास भी किया जाता है लेकिन किसी न किसी रूप में अंतर्कलह उभर कर सामने आ जाता है। सीएम फेस को लेकर वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया के बीच मतभेद जगजाहिर हैं। पार्टी के भीतर गुटबाजी है। प्रदेश नेतृत्व को लेकर कार्यकर्ताओं में भी निराशा है। माना जा रहा है कि ओम माथुर और भूपेंद्र यादव के केंद्रीय चुनाव समिति में आने के बाद राजस्थान में भाजपा और मजबूत होकर उभरेगी।

केंद्रीय टीम में उपाध्यक्ष और महामंत्री रहे माथुर
वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश माथुर राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। ओम माथुर और भूपेंद्र यादव राजस्थान से आते हैं। माथुर लंबे समय तक केंद्रीय टीम में उपाध्यक्ष और महामंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे राजस्थान से राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। हाल ही में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ है। केंद्रीय भाजपा टीम में उनके पास कोई पद या किसी प्रदेश की जिम्मेदारी नहीं थी। पार्टी ने उन्हें वापस केंद्र की सियासत में नई जिम्मेदारी दी है। भूपेंद्र यादव भी राजस्थान से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। यादव अजमेर से आते हैं और वर्तमान में मोदी मंत्रिमंडल में केंद्रीय श्रम एवं पर्यावरण मंत्री हैं।













Click it and Unblock the Notifications