Rajasthan News : महंगाई राहत कैंप में गर्मी में परेशानी उठा रहे लोग, धीमी नेट स्पीड बन रही राहत में बाधा
राजस्थान में जनता को महंगाई से राहत देने वाले कैंप को लेकर खबरें सामने आने लगी है। नेट की धीमी स्पीड के चलते लोगों को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय स्तर पर भी विरोध सामने आने लगा है।

Rajasthan News : राजस्थान में प्रशासन शहरों के संग शिविर और महंगाई राहत कैंप में लोगों की मुसीबतें बढ़ती जा रही है। प्रदेश के अजमेर जिले में सोमवार से शुरू हुए प्रशासन शहरों के संग शिविर और महंगाई राहत कैंप में दूसरे ही दिन मंगलवार को लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी। कैंप में इंटरनेट की धीमी स्पीड से धूप और तपती गर्मी के बीच शिविर में आए लोगों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मौके पर भीड़ बढ़ती गई।
गर्मी से परेशान हुए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कैंप में दिन भर गर्मी से लोग परेशान हुए। कैंप में आए सीताराम (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वह सुबह से कैंप में बैठा है। लेकिन उसका काम नहीं हो पा रहा है। नेट भी धीमे चलने की वजह से पंजीयन की रफ्तार धीमी हो गई है। दिल्ली गेट इलाके में रहने वाली स्मिता (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वह सुबह से कैंप में खड़ी है। टोकन तो दिया लेकिन काफी देर खड़े रहने के बाद भोजन के लिए घर चले गए। फिर कैंप में लौट आए हैं। लेकिन अभी तक काम नहीं हुआ है। कैंप में इंटरनेट की समस्या के चलते लोगों को लंबी कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। जिससे गर्मी में तकलीफ उठानी पड़ रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों में कैंप को लेकर विरोध
राजस्थान में महंगाई राहत कैम्प शुरू होने के साथ ही इसका विरोध भी शुरू हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई सरपंच और सचिवों ने इस कैंप का विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई राहत कैंप से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित होंगे। उन्होंने कैंप की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य ठप होने की आशंका भी जताई है। प्रदेश में स्थानीय स्तर पर इस कैंप का विरोध देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications