Rajasthan News: राजस्थान में 10 तारीख को होगी विधायक दल की बैठक, जानिए राजनाथ सिंह की भूमिका
Rajasthan News: राजस्थान में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब मुख्यमंत्री को लेकर पशोपेश चल रही है। प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा। इसे लेकर भाजपा में अभी संशय बना हुआ है। इसी बीच पार्टी हाईकमान ने राजस्थान में तीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। राजस्थान के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सरोज पांडे और विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक बनाया गया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो विधायक दल की बैठक रविवार को होगी। पार्टी के तीनों पर्यवेक्षक कल शाम तक जयपुर आ जाएंगे। पर्यवेक्षक बैठक में विधायकों से बात कर एक लाइन का प्रस्ताव लाएंगे। उस प्रस्ताव के आधार पर मुख्यमंत्री का चयन होगा।
भाजपा में दूसरे नंबर के नेता हैं राजनाथ सिंह
राजस्थान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। राजनाथ सिंह भाजपा में नरेंद्र मोदी के बाद दूसरे नंबर के नेता माने जाते हैं। विनोद तावड़े संघ पृष्ठभूमि से आते हैं। राजनीति के जानकार बताते हैं कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर संघ का भी पूरा दबाव है। पार्टी ने राजस्थान मैं मुख्यमंत्री पद को लेकर चल संशय के बीच पार्टी के बड़े नेता को राजस्थान भेजा है। चर्चा है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर गुटबाजी को रोकने के लिए भी पार्टी ने फैसला किया है।

राजनीतिक स्थितियों को स्थिर करने की कवायद
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर अस्थिरता बनी हुई है। पार्टी में गुटबाजी का माहौल है। पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह पर बाड़े बंदी के आरोप लगाए हैं। राजनीति के जानकार बताते हैं कि प्रदेश नेतृत्व का एक धड़ा वसुंधरा विरोधी है। वह पार्टी को लगातार फीडबैक दे रहा है। इससे भी राजस्थान में राजनीतिक स्थिरता बनी हुई है। पार्टी ने हालात पर काबू पाने के लिए तीन पर्यवेक्षकों नियुक्त किए है।
अरुण सिंह के रिश्तेदार हैं राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह के रिश्तेदार हैं। राजनाथ सिंह को पार्टी में सीनियर नेता माना जाता है। ऐसे में प्रदेश में चल रही राजनीतिक अस्थिरता को नियंत्रित करने के लिए राजनाथ सिंह को जयपुर भेजा जा रहा है। चर्चा है कि वह पार्टी के विधायकों से फीडबैक लेकर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। इसके बाद ही राजस्थान के मुख्यमंत्री को लेकर फैसला होगा।












Click it and Unblock the Notifications