Rajasthan News : पेपरलीक प्रकरण में आरपीएससी सदस्य को हिरासत में लेने के बाद बैकफुट पर गहलोत सरकार, जानिए वजह
राजस्थान में पेपरलीक प्रकरण में एसओजी की पकड़ अब आरपीएससी तक पहुंच गई है। इससे गहलोत सरकार बैकफुट पर आ गई है। सीएम गहलोत द्वारा ट्वीट कर मामले में रुख स्पष्ट किया करना पड़ा।

Rajasthan News : राजस्थान में पेपर लीक प्रकरण में एसओजी ने एक्शन लेते हुए आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा आरपीएससी के चालक गोपाल सिंह और कटारा के भांजे को हिरासत में लिया है। इस मामले को लेकर सीएम अशोक गहलोत बैकफुट पर है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर अपनी सफाई दी है। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि सेकंड ग्रेड टीचर पेपर लीक के मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य बाबूलाल कटारा एवं अन्य दो आरोपियों को एसओजी ने हिरासत में लिया है। युवाओं के हितों से खिलवाड़ करने वाला किसी भी स्तर का व्यक्ति हो। सरकार उसे सख्त सजा दिलवाना सुनिश्चित करेगी।
कटारा को बर्खास्त करेगी सरकार
पेपर लीक प्रकरण में एसओजी द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद चर्चा है कि आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा को बर्खास्त किया जाएगा। चर्चा यह भी है कि कटारा खुद ही इस्तीफा सौंप सकते हैं। बाबूलाल कटारा की गिरफ्तारी होते ही बर्खास्त कर दिया जाएगा। एसओजी ने वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगिता परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसओजी की पकड़ अब आरपीएससी तक पहुंच गई है। एसओजी ने आरपीएससी सदस्य बाबू लाल कटारा को पकड़ा है। साथ ही आरपीएससी के चालक गोपाल सिंह को भी हिरासत में लिया है।
एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी एसओजी
पेपर लीक प्रकरण में एसओजी ने शेर सिंह मीणा को भी गिरफ्तार किया था चर्चा है कि उसी से पूछताछ के बाद यह कार्रवाई हुई है। अब इन सबसे पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि पेपर लीक मामले में शेर सिंह मीणा को पिछले दिनों एसओजी ने ओडिशा में फटे कपड़ों में दिहाड़ी मजदूरी करते हुए गिरफ्तार किया था। मीणा की गर्लफ्रेंड से लीड मिलने के बाद एसओजी ने ओडिशा जाकर यह कार्रवाई की थी। सूत्रों की माने तो जयपुर के चोमू निवासी अनिल उर्फ शेर सिंह मीणा ने कबूल किया था कि उसने आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा से पेपर लिया था। इसके बाद उसने सुरेश ढाका और भूपेंद्र सारण को एक करोड़ रुपए में पेपर बेचा था। एसओजी ने शेर सिंह से पूछताछ के आधार पर ही बाबूलाल कटारा चालक गोपाल सिंह के अलावा कटारा के भांजे विजय कटारा को डूंगरपुर से हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications