Rajasthan News: सर्वे के आधार पर जीतने वाले प्रत्याशी चुनाव में उतारेगी भाजपा, टिकट में नहीं चलेगी सिफारिश
Rajasthan News: राजस्थान में कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस के साथ ही भाजपा ने भी चुनाव मैदान में उतरने के लिए कमर कस ली है। पार्टी राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा ने चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। प्रदेश में भाजपा प्रत्याशियों के टिकट वितरण को लेकर पार्टी ने साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनाव में अलग-अलग सर्वे के आधार पर टिकट दिए जाएंगे। पार्टी हाईकमान ने फैसला किया है कि चुनाव में जीतने वाले उमीदवार को ही टिकट दिया जाएगा। पार्टी ने अपने नेताओं को उम्मीदवारों की सिफारिश करने से साफ इंकार कर दिया है। पीएम मोदी ने भी पिछले दिनों राजस्थान के सांसदों की बैठक में चुनाव में उम्मीदवारों की सिफारिश करने के लिए साफ तौर पर मना कर दिया है। आपको बता दें प्रदेश में कांग्रेस और सीएम अशोक गहलोत अपनी योजनाओं और कामकाज के दम पर सरकार रिपीट करने के दावों के साथ पूरी तरह उत्साहित हैं। भाजपा नहीं चाहती कि राजस्थान में किसी भी सूरत में गहलोत सरकार रिपीट हो।
पीएम मोदी और शाह की सिफारिशी नेताओं से नाराजगी
राजनीति के जानकारों की मानें तो राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के कुछ केंद्रीय मंत्री और सांसदों ने अपने लोकसभा क्षेत्र के नेताओं को विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने को लेकर आश्वस्त कर रखा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में इसे लेकर नाराजगी है। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह खुद ऐसे नेताओं से नाराज बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि पीएम मोदी ने सांसदों की बैठक में स्थानीय नेताओं की सिफारिश करने से साफ इंकार कर दिया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि टिकट वितरण को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि सर्वे के आधार पर विधानसभा चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट दिया जाएगा। पार्टी इसके लिए प्रदेश की एक-एक सीट पर बारीकी से सर्वे करा रही है।

चुनाव में उतरने की तैयारी अंतिम चरण में
भाजपा का शीर्ष नेतृत्व राजस्थान में विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारियों को अंतिम रूप दे चुका है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा में विधानसभा चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव पीएम मोदी और वसुंधरा राजे के चेहरे पर लड़ा जाएगा। चर्चा है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर 15 अगस्त के बाद नियुक्तियों का दौर शुरू हो जाएगा। वसुंधरा राजे ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पार्टी के नेताओं से मेल मुलाकात करना शुरू कर दिया है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि कांग्रेस चुनाव मैदान में उतरने की तैयारियों को अंतिम रूप दे चुकी है। भाजपा भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में चुनावी माहौल नजर आने लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications