Rajasthan News: लाल डायरी के बहाने जयपुर में बीजेपी नेताओं का जमघट, नड्डा और जोशी लेंगे नेताओं से फीडबैक
Rajasthan News: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी शनिवार को जयपुर में रहेंगे। नड्डा और जोशी जयपुर में बीजेपी मुख्यालय पर भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि जेपी नड्डा राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक लेंगे। बैठक में गहलोत सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा होगी। आपको बता दें कि राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के लाल डायरी का जिक्र किए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा इस मौके को भुनाकर गहलोत सरकार पर दबाव बढ़ाना चाहती है। प्रदेश में चार महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति तैयार करने में जुटी है।
सुबह 10 बजे जयपुर पहुंचेंगे नड्डा
प्रदेश की चुनावी रणनीति को लेकर बैठक लेने के लिए जेपी नड्डा शनिवार को सुबह 10 बजे जयपुर पहुंचेंगे। इससे पहले चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी शुक्रवार शाम 8 बजे तक जयपुर पहुँच जाएंगे। पार्टी मुख्यालय पर आयोजित बैठक में नड्डा और जोशी प्रदेश के नेताओं से बात कर फीडबैक लेंगे। आपको बता दें इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को सीकर दौरे पर थे। इस दौरान पीएम मोदी ने 9 करोड़ किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि जारी की थी। पीएम मोदी ने जनसभा के दौरान विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A और अशोक गहलोत की सरकार पर जमकर हमला बोला था।

अहम पदों पर होनी हैं नियुक्तियां
प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चलते कई अहम पदों पर नियुक्तियां होनी बाकी है। प्रदेश में चुनाव संचालन समिति, चुनाव प्रबंधन समिति के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां अभी बाकी है। चर्चा है कि बैठक में इसे लेकर भी बात हो सकती है। राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर भारी गुटबाजी है। यहाँ मुख्यमंत्री पद के अनेक दावेदार हैं। इस गुटबाजी के बीच पार्टी ने राजस्थान में पीएम मोदी और कमल के निशान पर चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई है। पीएम मोदी ने गुरुवार को सीकर में भी साफ कर दिया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव उन्हीं के चेहरे पर होगा।
Recommended Video
देखिए राजस्थान के मुख्यमंत्रियों की पूरी सूची
https://hindi.oneindia.com/list-of-chief-ministers-of-rajasthan/












Click it and Unblock the Notifications