राजस्थान: भाजपा में गुटबाजी के चलते प्रभावहीन रही नरेंद्र मोदी की जनसभा, दौसा में असर नहीं छोड़ पाए पीएम
राजस्थान के दौसा में पीएम मोदी की जनसभा प्रदेश की स्थानीय गुटबाजी की भेंट चढ़ गई। इससे पीएम मोदी की जनसभा बेअसर हो गई। पीएम मोदी अपने भाषण में पूर्वी राजस्थान में उतना असर नहीं छोड़ पाए जितनी पार्टी को उम्मीद थी।
राजस्थान के दौसा जिले के धनावड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली प्रदेश की स्थानीय गुटबाजी के चलते प्रभाव नहीं छोड़ पाई। पीएम मोदी के तयशुदा कार्यक्रम से पहले भाजपा उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं जुटा पाई। इसके चलते पीएम मोदी के कार्यक्रम में देरी की गई। पार्टी के नेताओं ने आनन-फानन में कार्यक्रम में भीड़ जुटाकर रैली को सफल बनाने की कोशिश की। पार्टी पदाधिकारियों ने जो भीड़ जुटाई उसमें भी लोग पीएम मोदी के भाषण के बीच ही उठकर जाने लगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सभा में प्रभावी भाषण नहीं दे पाए। उन्हें जल्दबाजी में अपना भाषण खत्म करना पड़ा। पीएम मोदी ने मंच पर मौजूद नेताओं के नाम भी नहीं लिए। पार्टी के मंच पर प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को छोड़कर बीजेपी के किसी प्रभावी नेता का भाषण नहीं हुआ। इससे मौजूदा भीड़ में उत्साह पैदा नहीं हो सका। सभा में मौजूद लोग अपने स्थानीय नेताओं के भाषण नहीं होने से बीच में ही उठकर जाने लगे। जबकि मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, किरोड़ी लाल मीणा और जसकौर मीणा जैसे दिग्गज मौजूद थे। इस इलाके में सर्वाधिक लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता किरोड़ी लाल मीणा है। उनकी जगह भाषण प्रदेशाध्यक्ष के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और महामंत्री भजन लाल शर्मा जैसे नेताओं ने दिया।

सीएम गहलोत ने मोदी के सामने उठाई ईआरसीपी की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने सम्बोधन में पीएम मोदी के सामने फिर ईआरसीपी की मांग उठाई। सीएम गहलोत ने कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ईआरसीपी को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दे। सीएम गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी आज जिस जिले में सभा कर रहे हैं। वह भी इसी परियोजना में आता है। सीएम गहलोत ने पीएम मोदी के सामने राजस्थान की 50 सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने के नोटिफिकेशन, बाड़मेर के पचपदरा में रिफाइनरी के पास अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे को पचपदरा से जोड़ने की मांग उठाई।

पीएम मोदी ने नहीं की प्रदेश के लिए कोई घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दौसा में सभा के दौरान फीका भाषण दिया। पीएम मोदी ने बहुत कम समय में अपना भाषण समाप्त कर दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने केंद्र सरकार द्वारा सड़क और परिवहन के लिए कराए गए काम गिनाए। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान राजस्थान को लेकर कोई घोषणा नहीं की। ईआरसीपी को लेकर भी पीएम मोदी ने गेंद राज्य सरकार के पाले में ही डाल दी। इससे वहां मौजूद भीड़ में उत्साह नहीं बन पाया। कार्यक्रम में मोदी के भाषण के बीच ही लोग उठकर जाने लगे। पीएम मोदी ने लोगों को जाते देख अपने भाषण का समापन कर दिया। जबकि भाजपा को चुनावी साल में पीएम मोदी की इसी रैली से बड़ी उम्मीदें थी।

कांग्रेस का भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप
प्रदेश में कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि जयपुर भाजपा की गुटबाजी के चलते दौसा में पीएम मोदी की जनसभा का असर नहीं दिखा। आपको बता दें पीएम मोदी की सभा में भीड़ नहीं जुटने पर भाजपा में मंथन शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि पार्टी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के मूड में है। सभा के दौरान पार्टी के नेता आनन-फानन में भीड़ जुटाने की कोशिश में जुटे थे। सभा में मौजूद लोग प्रधानमंत्री के भाषण के बीच में उठकर जाने लगे थे। ऐसे में पीएम मोदी को जल्द अपना भाषण खत्म करना पड़ा। वहीं मंच पर किसी भी प्रभावी नेता का भाषण भी नहीं हुआ। सभा में भीड़ की कमी के चलते पीएम मोदी ने ज्यादा लंबा भाषण नहीं दिया। पीएम ने समय पूर्व ही अपना भाषण समाप्त कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय नेताओं को भी भाषण नहीं देने दिया। दौसा क्षेत्र के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता किरोड़ी लाल मीणा को भी भाषण से दूर रखा गया। कांग्रेस से जुड़े एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं में मनमुटाव साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी योजना को लेकर घोषणा पर आम जनता इंतजार कर रही थी। इस योजना के चलते 13 जिलों को पानी मिलने वाला था। ईआरसीपी योजना को लेकर प्रदेश की जनता को इस बार भी निराशा मिली है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा के भीतर संकट के बादल बने हुए हैं। पीएम मोदी की सभा में ईआरसीपी के नाम पर ही भीड़ जुटाई गई थी। भाजपा ईआरसीपी को लेकर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है।













Click it and Unblock the Notifications