राजस्थान : विधायक रफीक खान ने की शिकायत, जयपुर में आठ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
जयपुर। विधायक रफीक खान की शिकायत के बाद शुक्रवार को डीसीपी ईस्ट अभिजीत सिंह ने जयपुर जिले के कानोता थाने के आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। आदेशानुसार एसआई कैलाश चंद, एएसआई विक्रम सिंह, कांस्टेबल कृष्ण कुमार, हरिसिंह, धीरज, केवल सिंह, दिलीप और चालक कैलाश चंद को लाइन हाजिर किया गया है।

गौरतलब है कि 1 फरवरी को उक्त सभी पुलिसकर्मियों ने एक बिना नम्बरी ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक का पीछा कर उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों से ट्रैक्टर चालक की पत्नी और अन्य रिश्तेदारों ने उसे पकड़े जाने का कारण पूछा था। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट और हाथापाई हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोट आई थी।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और उसके परिजनों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। साथ ही लोगों ने पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार और मारपीट करने की शिकायत स्थानीय विधायक रफीक खान से की थी।












Click it and Unblock the Notifications