Rajasthan : जयपुर सहित 6 जिलों में मिले खनिज भंडार, खनिज विभाग करेगा ई-नीलामी
जयपुर, 19 अगस्त। राजस्थान के खनिज विभाग को जयपुर सहित छह जिलों में खनिज भंडार मिले हैं। विभाग ने क्षेत्रों में प्रधान और अप्रधान खनिजों का विपुल भंडार चिन्हित किया है। विभाग द्वारा अब ई-नीलामी की तैयारी की जा रही है। खनिज विभाग को जयपुर सहित छह जिलों में तेजा पत्थर, सेंड स्टोन, पीला चूना पत्थर, ग्रेनाइट, बॉल क्ले, सिलिका सैंड, बजरी ग्रेवल, आयरन और मेसैलरी स्टोन के भंडार मिलने से करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होगा। जानकारी के मुताबिक राजस्थान के जयपुर, भीलवाड़ा, जैसलमेर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर में मिले इन भंडारों के लिए नगरीय विकास विभाग से समन्वय बनाते हुए क्षेत्रों में खनन पट्टे जारी करने की अनुमति के प्रयास किए जा रहे हैं।

इन जिलों में मिले खनिज भंडार
खनिज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल ने गुरुवार को शासन सचिवालय में विभाग के अन्य विभागों में विचाराधीन मुद्दों पर भी समीक्षा बैठक की है। खनिज विभाग को जिन जिलों में खनिज भंडार मिले हैं। उनमें जयपुर, भीलवाड़ा, जैसलमेर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर जिले शामिल हैं। खनिज विभाग का दावा है कि इन भंडारों से आगामी 50 सालों में राज्य सरकार को 2284 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा। खनन विभाग द्वारा संबंधित विभागों से समन्वय कर खनिज पट्टे जारी करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।













Click it and Unblock the Notifications