राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री का दावा, प्रदेश में एक भी मंकीपॉक्स का केस नहीं, एक संदिग्ध की रिपोर्ट नेगेटिव
जयपुर, 2 अगस्त। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने दावा किया है कि प्रदेश में मंकीपॉक्स का कोई केस नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भरतपुर और किशनगढ़ में दो संदिग्ध मिले हैं। सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट का इंतजार है। मीणा ने कहा कि राज्य सरकार मंकीपॉक्स को लेकर पूरी तरह सतर्क है। इसकी रोकथाम के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।

दो संदिग्ध में से एक की रिपोर्ट नेगेटिव
राजस्थान में सोमवार को मंकीपॉक्स के दो संदिग्ध मामले सामने आए थे। इनमें से एक भरतपुर और दूसरा किशनगढ़ से मामला सामने आया था। दोनों को इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया था। इसके बाद इन्हें आरयूएचएस के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। इन संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए पुणे नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलॉजी लैब में भेजे गए थे। आरयूएचएस के अधीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि दोनों संदिग्ध मरीजों में से एक संदिग्ध की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। दूसरे की रिपोर्ट शाम तक आने का इंतजार है।

मंकीपॉक्स को लेकर सतर्क स्वास्थ्य विभाग
मंकीपॉक्स को लेकर राजस्थान में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मंकीपॉक्स देश में पांव पसारने लगा है। दिल्ली और केरल के बाद राजस्थान में दो मंकीपॉक्स के संदिग्ध सामने आए हैं। केंद्र सरकार ने मंकीपॉक्स को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। दो संदिग्ध के सामने आने के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग की पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मंकीपॉक्स को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है।













Click it and Unblock the Notifications