राजस्थान: विधानसभा चुनाव से पहले सीएम गहलोत का मास्टर स्ट्रोक, प्रदेश में 19 जिलों और 3 संभाग की घोषणा
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में 19 नए जिले और 3 संभाग बनाकर चुनाव से पहले मास्टर स्ट्रोक खेला है। सीएम गहलोत की इस घोषणा के बाद प्रदेश में 50 जिले और 10 संभाग हो गए हैं।

राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मास्टर स्ट्रोक खेला है। सीएम गहलोत ने प्रदेश में 19 जिलों और 3 संभाग मुख्यालयों की घोषणा की है। सीएम गहलोत की इस घोषणा के बाद राजस्थान में 50 जिले हो जाएंगे। प्रदेश में लंबे समय से जिलों की मांग को लेकर कई विधायकों द्वारा आंदोलन किए जा रहे थे। उनकी मांग को पूरा करते हुए सीएम गहलोत ने प्रदेश में 19 जिलों और तीन संभाग मुख्यालयों के गठन की घोषणा की है। सीएम गहलोत ने बांसवाड़ा, पाली और सीकर को नया संभाग मुख्यालय बनाया है।
इन शहरों को बनाया जिला
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में अनूपगढ़, ब्यावर, बालोतरा, डीडवाना, गंगापुर सिटी, जयपुर उत्तर, जयपुर दक्षिण, जोधपुर पूर्व, जोधपुर पश्चिम, केकड़ी, कोटपूतली, बहरोड, खैरथल, फलौदी, सलूंबर, सांचौर, शाहपुरा और नीमकाथाना को जिला बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही प्रदेश में बांसवाड़ा, पाली और सीकर को संभाग मुख्यालय बनाने की घोषणा की है।
राजस्थान में 15 साल बाद जिलों के गठन की घोषणा
राजस्थान में 15 साल बाद नए जिलों के गठन की घोषणा हुई है। प्रदेश में आखिरी बार प्रतापगढ़ को जिला बनाया गया था। इसके बाद से ही प्रदेश में लंबे समय से नए जिले की मांग की जा रही थी। प्रदेश में बीते 4 साल में नए जिलों की मांग जोर पकड़ रही थी। हाल ही में गहलोत सरकार द्वारा रामलुभाया कमेटी का कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद प्रदेश में एक बार फिर नए जिलों के गठन को लेकर आस कमजोर हुई थी। लेकिन सीएम गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में नए जिलों की घोषणा कर सबको चौंका दिया है।












Click it and Unblock the Notifications