राजस्थान: सीएम गहलोत ने घाटमीका में शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात, बच्चों को मिलेगी 5 लाख की आर्थिक सहायता
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को भरतपुर के घाटमीका पहुंचकर हरियाणा में हिंसा का शिकार हुए जुनैद एवं नासिर के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सीएम गहलोत मृतक जुनैद के बच्चों से भी मिले।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को भरतपुर के घाटमीका पहुंचकर हरियाणा में हिंसा का शिकार हुए जुनैद एवं नासिर के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सीएम गहलोत मृतक जुनैद के बच्चों से भी मिले। उन्होंने कहा कि अपहरण और नृशंस हत्या की यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस जघन्य अपराध के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए राजस्थान पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस दौरान परिजनों ने अब तक की गई पुलिस कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और मामले में जल्द न्याय दिलवाने की मांग की।
पीड़ित परिवारों को दी जाएगी आर्थिक सहायता
सीएम गहलोत ने कहा कि मानवीय दृष्टिकोण से मृतक नासिर और जुनैद की पत्नियों एवं उनके बच्चों को 5-5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि इन बच्चों को उचित शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हरियाणा सरकार को इस मामले की जांच में ज्यादा गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात कर बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिए दोनों राज्यों में डीजीपी स्तर पर भी लगातार बातचीत हो रही है।
केस ऑफिसर स्कीम के तहत होगी मामले की सुनवाई
सीएम गहलोत ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस हृदयविदारक घटना की जांच केस ऑफिसर स्कीम के तहत की जाएगी। स्कीम के अंतर्गत एक लीगल ऑफिसर को नियुक्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करने से लेकर चालान पेश करने और बाकी कानूनी प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सकेगा और इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा त्वरित एफआईआर दर्ज कर केस को आगे बढ़ाया गया। इस जघन्य हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस सक्रियता से कार्य कर रही है। उल्लेखनीय है कि पीड़ित परिवारों को शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान द्वारा 5-5 लाख रूपये एवं पंचायत समिति पहाड़ी द्वारा 50-50 हजार रूपये की सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। साथ ही दोनों परिवारों को पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत भी अन्तरिम सहायता के रूप में 1.25 लाख रूपये प्रति परिवार उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिसकी स्वीकृति जारी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर दोनों परिवारों को लाभ दिया जाएगा। इस दौरान पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह, शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान, मेवात विकास बोर्ड के अध्यक्ष जुबेर खान, पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचिव उषा शर्मा, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा, संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन, आईजी गौरव श्रीवास्तव, भरतपुर कलेक्टर आलोक रंजन सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications