Rajasthan : कानून व्यवस्था को लेकर बीजेपी करेगी मुख्यमंत्री आवास का घेराव, सरकार के खिलाफ खोलेगी मोर्चा
जयपुर, 19 अगस्त। राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा ने प्रदेश की गहलोत सरकार के खिलाफ माहौल बनाना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। पार्टी शनिवार को जयपुर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। बीजेपी अध्यक्ष सतीश पूनिया की अगुवाई में होने वाले इस प्रदर्शन में जयपुर जिले के साथ ही आसपास के पार्टी के कार्यकर्ता और नेता भी शामिल होंगे।

जनघोषणा पत्र के वादे पूरे नहीं हुए
भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने गहलोत सरकार पर प्रदेश में लगातार हो रही घटनाओं को लेकर कानून व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया है। पूनिया ने बताया कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस पार्टी ने जनघोषणा पत्र में पुलिस के आधुनिकीकरण और कानून व्यवस्था में सुधार के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन ऐसा कुछ भी धरातल पर दिखाई नहीं दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया ने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक संत और पुजारियों की मौत की घटनाएं हो रही है प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।

प्रदेश की कानून व्यवस्था बड़ा मुद्दा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि पार्टी द्वारा शहीद स्मारक से रैली निकालकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार को चेताएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि अब तो प्रदेश में किसान कर्ज माफी और बेरोजगारों के मुकाबले कानून व्यवस्था की कमजोरी ज्यादा बड़ा मुद्दा हो गई है। उन्होंने सरकार के तुष्टीकरण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगता है। सरकार ने तय कर लिया है कि बहुसंख्यक हिंदुओं को इसी तरह प्रताड़ित होना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जमवारामगढ़ में अध्यापिका को जलाया गया या उसके साथ क्या हुआ। इस पर भी पूरा खुलासा होना चाहिए। मुख्यमंत्री के पास गृहमंत्री का जिम्मा है। उन्हें इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications