नर्सिंगकर्मी भर्ती घोटाला राजस्थान : ACB ने किया घूसखोरों का पर्दाफाश, अलवर MP के PA ने मांगे 5 लाख
जयपुर, 18 जून। राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में संविदा पर मेडिकल स्टाफ भर्ती करने के नाम पर बड़ा घोटाला सामने आया है। एसीबी ने अलवर, जोधपुर और अजमेर में तीन जगहों पर छापेमारी कर ईएसआई अस्पताल मेडिकल कॉलेज अलवर में नर्सिंगकर्मी संविदा पर लगाने के नाम पर रिश्वतखोरी के पूरे खेल का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Recommended Video

गुजरात की कंपनी का सुपरवाइजर भी पकड़ा गया
गिरफ्तार आरोपियों में संविदा पर टेंडर के जरिए रखने वाली गुजरात की एमजे सोलंकी कंपनी के सुपरवाइजर समेत चार दलालों को पकड़ा गया है। इन आरोपियों में महिपाल भरत पूनिया मिनी समेत एक अन्य है। चौथा पकड़ा गया आरोपी भी एमजे सोलंकी कंपनी का कर्मचारी बताया जा रहा है।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी डेढ़ से 2 लाख रुपए लेकर सरकारी अस्पतालों में संविदा कर्मियों की भर्ती कर रहे थे। यह भर्ती गुजरात की कंपनी एमजे सोलंकी फर्म के जरिए की जा रही थी।
कुलदीप यादव पीए अलवर सांसद
खास बात यह है कि इस भर्ती में रिश्वत के नाम पर बेरोजगारों से बड़े धड़ल्ले से पैसे की वसूली की जा रही थी। चौंकाने वाली बात है कि इस भर्ती घोटाले में अलवर के सांसद बाबा बालक नाथ के पीए का भी नाम सामने आया है। बाबा बालकनाथ का पीए कुलदीप सिंह यादव भर्ती के नाम पर 5 लाख की रिश्वत ले रहा था। एसीबी को सबसे पहले इसकी जानकारी अलवर से मिली थी। अलवर की सूचना के बाद एसीबी ने अजमेर और जोधपुर में भी छापा मारा।
एसीबी की टीम सुबह 4:00 बजे तक इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देती रही। एसीबी की टीम सांसद की भूमिका की जांच कर रही है। जानकारी में सामने आया है कि गुजरात की यह कंपनी अब तक करीब 100 कर्मचारियों की भर्ती कर चुकी है।
मेडिकल कमेटी से जुड़े लोगों की भी जुटा रहे जानकारी
एसीबी डीजी बीएल सोनी ने बताया कि एसीबी की टीम अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में मेडिकल कमेटी से जुड़े लोगों के मिलीभगत के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अलवर सांसद बालकनाथ बोले-पैसों से कोई लेना-देना नहीं
नर्सिंगकर्मी भर्ती घोटाले में पीए का नाम आने पर अलवर सांसद बालकनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके पास लोगों की सिफारिश आती थी, जिसे वे कंपनी को व ईएसआईसी वालों को भेजे देते थे। पैसे के लेनदेन से उनका कोई संबंध नहीं है। जिस कुलदीप यादव का नाम आया है। उसका पैसे से कोई लेना-देना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications